नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। फरवरी माह का दूसरा रविवार व्यापार मेले में कारोबार और मनोरंजन दोनों के लिहाज से खास साबित हुआ। शाम ढलते ही मेले में सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी, जिसे देखकर व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। रात तक झूला सेक्टर में जबरदस्त चहल-पहल नजर आई और मेला अपने पूरे वैभव पर दिखाई दिया।
मेले के झूला सेक्टर में इस बार कई तरह के खास और आधुनिक झूले लगाए गए हैं, जो सैलानियों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। शाम छह बजे के बाद यहां भीड़ तेजी से बढ़ने लगी। बच्चों के साथ-साथ युवा और परिवार भी अलग-अलग झूलों का आनंद लेते नजर आए।
सर्द हवा के बीच चटपटे स्वाद ने बढ़ाई रौनक
सर्द मौसम के बावजूद मेले में उत्साह कम नहीं दिखा। सर्द हवा के बीच लोग मेले का भरपूर आनंद लेते नजर आए। कोई चटपटे चाट-पकौड़ों, साफ्टी के अलग-अलग फ्लेवर का स्वाद लेता दिखा, तो कोई हापुड़ के पापड़ खाते हुए मेले की रौनक में खोया नजर आया। खानपान सेक्टर में देर रात तक खासी भीड़ बनी रही।
मेले में गुजरात से असम तक के व्यापारी
मेले में पहुंचे सैलानियों ने शिल्प बाजार का भी भ्रमण किया। यहां गुजरात, मेरठ, हाथरस, जयपुर, सहारनपुर, दिल्ली, आगरा, उज्जैन, चंदेरी, भोपाल, बिजनौर, बाड़मेर, राजकोट, भदोई और असम से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजा रखी हैं। शिल्प बाजार में कपड़े, लेदर का सामान, फार्मेसी और आयुर्वेदिक मेडिसिन, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आर्टिफिशियल फ्लावर और लकड़ी के फर्नीचर की दुकानों पर खरीदारों की अच्छी भीड़ देखने को मिली।
इलेक्ट्रानिक और आटोमोबाइल सेक्टर में भी रही भीड़
इलेक्ट्रानिक सेक्टर के साथ-साथ आटोमोबाइल सेक्टर में भी सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ रही। हालांकि आटोमोबाइल सेक्टर में पसंद की कार समय पर नहीं मिलने से कई ग्राहक निराश नजर आए। लोग रोजाना शोरूम पहुंचकर अपनी पसंदीदा कार की जल्द डिलीवरी की मांग कर रहे हैं।
कारोबार और मनोरंजन का अनूठा संगम
कुल मिलाकर फरवरी का दूसरा रविवार व्यापार मेले के लिए यादगार रहा। कारोबार, मनोरंजन और खरीदारी के संगम ने मेले की चमक को और बढ़ा दिया, जिससे आने वाले दिनों में भी इसी तरह की भीड़ रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर व्यापार मेला 2026: 45 दिनों में 2392 करोड़ रुपये का कारोबार, टूटने वाला है पिछले साल का रिकॉर्ड!