महंगाई ने बिगाड़ा आम आदमी की रसोई का बजट! महंगा हुआ पैकेट वाला दूध.. दाल, तेल और सब्जियों के दामों ने भी निकाला पसीना
आम आदमी की जेब पर महंगाई की दोहरी मार, 74 रुपये लीटर हुआ पैकेट वाला दूध, तो तुवर दाल और तेल ने भी छुआ आसमान, देखें रसोई के सामान के ताजा भाव।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:56:56 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:56:56 AM (IST)
महंगाई ने बिगाड़ा आम आदमी की रसोई का बजट! महंगा हुआ पैकेट वाला दूध.. दाल, तेल और सब्जियों के दामों ने भी निकाला पसीनाHighLights
- महंगाई ने बिगाड़ा आम आदमी की रसोई का बजट
- पैकेट वाले दूध से 6 रुपये सस्ता है खुला दूध
- बीते साल के मुकाबले राशन और सब्जियों के ताजा भाव
बिजनेस डेस्क। खाद्य वस्तुओं की बढ़ती महंगाई के बीच अब दूध के दामों में हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। पैकेट में दूध वितरित करने वाली तीनों प्रमुख कंपनियों ने एक के बाद एक दाम बढ़ाए हैं, जिससे पहली बार दूध की कीमत में एक साथ 4 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। सांची का फुल फैट दूध अब 74 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जिससे एक छोटे परिवार के मासिक बजट पर 125 से 150 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
पैकेट वाले दूध से 6 रुपये सस्ता है खुला दूध
ताजा बढ़ोतरी के बाद जहां पैकेट वाला दूध 74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, वहीं इंदौर के बाजार में हाई फैट खुला दूध अब भी 68 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। शहर में रोजाना करीब 14 से 15 लाख लीटर दूध की खपत है, जिसमें से करीब 12 लाख लीटर खुला दूध बिकता है। इंदौर दूध विक्रेता संघ के अध्यक्ष भरत मथुरावाला के अनुसार, दाम बढ़ाने का किसानों से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि कंपनियां किसानों से 52 से 53 रुपये प्रति लीटर दूध खरीद रही हैं और केवल पैकिंग व परिवहन लागत का हवाला देकर मुनाफा बढ़ा रही हैं।
बीते साल के मुकाबले राशन और सब्जियों के ताजा भाव
- तुवर दाल: वर्तमान में 145 से 180 रुपये (बीते साल 85 से 120 रुपये)
- चना दाल: वर्तमान में 102 से 110 रुपये (बीते साल 75 से 80 रुपये)
- मूंग दाल और मोगर: मूंग दाल 112 से 117 रुपये और मूंग मोगर 121 से 125 रुपये (पिछले साल के समान)
- आटा: वर्तमान में 34 से 35 रुपये (बीते साल 30 से 32 रुपये)
- खाने का तेल: सोयाबीन तेल 153 से 155 रुपये (बीते साल 125 से 130 रुपये) और मूंगफली तेल 215 से 218 रुपये (बीते साल 155 से 160 रुपये)
- सब्जियां: प्याज 40 से 50 रुपये (बीते साल 10 से 20 रुपये), लहसुन 150 से 200 रुपये (बीते साल 100 से 150 रुपये) और आलू 20 से 25 रुपये प्रति किलो (बीते साल 15 से 20 रुपये) पर पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें- Indore Sarafa: सराफा बाजार में मची भारी उथल-पुथल! सोना 3,100 रुपये तो चांदी 5,800 रुपये हुई सस्ती