ग्वालियर व्यापार मेला 2026: 45 दिनों में 2392 करोड़ रुपये का कारोबार, टूटने वाला है पिछले साल का रिकॉर्ड!
चालू साल 2026 में ग्वालियर व्यापार मेले में अब तक के आंकड़े रिकार्ड कारोबार की ओर इशारा कर रहे हैं। मेले के 45 दिन पूरे हो चुके हैं और इस अवधि में कुल ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Feb 2026 12:42:33 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Feb 2026 12:42:33 PM (IST)
ग्वालियर व्यापार मेला 2026HighLights
- 45 दिन में 2392 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार
- ऑटोमोबाइल सेक्टर बना मेले का सबसे बड़ा आकर्षण
- 18 दिन में टूट सकता है पिछले साल का रिकॉर्ड
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। चालू साल 2026 में ग्वालियर व्यापार मेले में अब तक के आंकड़े रिकार्ड कारोबार की ओर इशारा कर रहे हैं। मेले के 45 दिन पूरे हो चुके हैं और इस अवधि में कुल 2392 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया जा चुका है। मेले के समापन में अभी 18 दिन शेष हैं, ऐसे में पूरी संभावना है कि यह मेला पिछले साल के 3327 करोड़ रुपये के रिकार्ड को पीछे छोड़ देगा। 25 दिसंबर से शुरू हुआ मेला 25 फरवरी तक चलेगा।
मेले में आटोमोबाइल सेक्टर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। अब तक केवल वाहनों की बिक्री से ही 1418.53 करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका है। कारोबारियों के अनुसार रोड टैक्स में छूट का सीधा असर बिक्री पर पड़ा है। इस साल वाहनों पर टैक्स छूट 19 जनवरी से लागू हुई, जबकि पिछले वर्ष यह सुविधा 14 जनवरी से शुरू हो गई थी, इसके बावजूद बिक्री के आंकड़े ज्यादा मजबूत रहे।
15 हजार से अधिक वाहन बिके, कारों की रही सबसे ज्यादा मांग
मेले में अब तक कुल 15,646 वाहन बिक चुके हैं। इनमें कारों की मांग सबसे अधिक रही। अब तक 9,064 कारें और 6,582 दोपहिया वाहन की बिक्री हो चुकी है। लगातार बढ़ती बुकिंग को देखते हुए कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
व्यापार के साथ मनोरंजन का भी बड़ा केंद्र मेला
मेला अब सिर्फ व्यापार का ही नहीं, बल्कि मनोरंजन, खरीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुका है। रोजाना लाखों की संख्या में लोग मेला पहुंच रहे हैं। झूले, खेल-तमाशे, खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।