• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • कोरोना वायरस
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • गणेशोत्‍सव 2026
  • हनुमान अंश
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • मानसून
  • वास्‍तु शास्‍त्र
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • अंबिकापुर

अंबिकापुर में एकलव्य विद्यालय की छात्राओं का फूटा गुस्सा, 20km पैदल चलकर पहुंचीं कलेक्ट्रेट; भागते-भागते पहुंचे असिस्टेंट कमिश्नर

सरगुजा के शिवपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की 30 से अधिक छात्राएं सोमवार को प्राचार्य की कथित मनमानी और छात्रावास की व्यवस्थाओं से नाराज होकर...और पढ़ें

By Digital DeskEdited By: Akash Sharma
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 01:33:09 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 01:44:57 PM (IST)
अंबिकापुर में एकलव्य विद्यालय की छात्राओं का फूटा गुस्सा, 20km पैदल चलकर पहुंचीं कलेक्ट्रेट; भागते-भागते पहुंचे असिस्टेंट कमिश्नर
अंबिकापुर में एकलव्य स्कूल की 30 से अधिक छात्राएं पैदल निकलीं

HighLights

  1. छात्राएं 20 किलोमीटर पैदल चलकर लमगांव पहुंचीं
  2. कलेक्टर अजीत वसंत ने बैठक रोककर समस्याएं सुनीं
  3. जांच के बाद कार्रवाई का कलेक्टर ने आश्वासन दिया

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के शिवपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की 30 से अधिक छात्राओं का गुस्सा सोमवार को सामने आ गया। प्राचार्य की कथित मनमानी और छात्रावास की व्यवस्थाओं से नाराज छात्राएं सुबह करीब आठ बजे पैदल ही अंबिकापुर में कलेक्टर से मिलने निकल पड़ीं।

छात्राओं का कहना था कि वे पहले भी भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और प्राचार्य के अभद्र व्यवहार को लेकर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

छात्राओं को रोकने अधिकारी पहुंचे

छात्राओं के स्कूल से पैदल निकलने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर महिला शिक्षिकाएं उनके पीछे गईं और उन्हें वापस लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं अपनी बात पर कायम रहीं।

मामले की जानकारी मिलने पर सहायक आयुक्त आदिम जाति विकास ललित शुक्ला वाहन लेकर बैलकोटा की ओर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को रोककर कई किलोमीटर तक उनके साथ पैदल चलकर बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से परेशानी बताने को कहा और यहां तक कहा कि जरूरत होने पर आज से ही प्राचार्य को हटवा दिया जाएगा। इसके बावजूद छात्राओं ने कहा कि वे केवल कलेक्टर से ही बात करेंगी।


20 किलोमीटर पैदल चलने के बाद लमगांव पहुंचीं

छात्राएं लगातार करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर लमगांव पहुंचीं। उनकी जिद को देखते हुए सहायक आयुक्त ने तत्काल बस रुकवाई। इसके अलावा निजी वाहनों और अधिकारियों के वाहनों से भी छात्राओं को अंबिकापुर लाया गया। इसके बाद सभी छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं।

कलेक्टर ने बैठक रोककर सुनी समस्याएं

उस समय कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में कलेक्टर अजीत वसंत समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक ले रहे थे। छात्राओं के पहुंचने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैठक रोक दी और अधिकारियों को कुछ देर के लिए बाहर जाने को कहा। इसके बाद छात्राओं को सभाकक्ष में बुलाकर कलेक्टर ने स्वयं उनकी समस्याएं सुनीं। बताया गया कि छात्राओं ने कलेक्टर के सामने अपनी परेशानियां रखीं। कलेक्टर ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

स्कूल प्रबंधन ने कहा- छात्राओं को भड़काया गया

इधर, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्राओं को भड़काया गया है और प्राचार्य नियमानुसार काम करते हैं। एकलव्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर इससे पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अंबिकापुर के घांघरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी भी शहर पहुंचे थे। वहीं बलरामपुर के भेलवाडीह स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के बच्चे भी कई किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे।