
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिट्ठीकला में शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। शराब के नशे में धुत पति ने 23 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित पति घायल पत्नी को कपड़े से बांधकर मोटरसाइकिल पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। अस्पताल में उसने चिकित्सकों को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही पति अस्पताल से फरार हो गया।
शुक्रवार को हत्या की सूचना मिलने पर मणिपुर थाना पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। घर के भीतर और बाहर खून के धब्बे, घसीटने के निशान, टूटी खाट की पट्टी और खून लगा पत्थर बरामद हुआ। पूरा घटनास्थल निर्मम हत्या की गवाही दे रहा था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मूलतः कुन्नी थाना क्षेत्र के ग्राम सकरिया निवासी हीरो बाई पिछले करीब 15 वर्षों से भिठीकला निवासी प्रदीप अगरिया के साथ पत्नी की तरह रह रही थी।
दोनों के चार बच्चे हैं। एक बच्चे का पालन-पोषण रिश्तेदार कर रहे हैं। परिवार और आसपास के लोगों के अनुसार प्रदीप अत्यधिक शराब पीता था और आए दिन पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। हीरो बाई अकसर मायके वालों को प्रताड़ना की जानकारी देती थी, लेकिन प्रेम विवाह होने के कारण उसे समझा-बुझाकर शांत रहने की सलाह दी जाती थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद प्रदीप ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने खाट की पट्टी से हमला किया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतिका की चाची सास सावित्री ने बताया कि घटना के समय घर में कूलर चल रहा था, जिससे चीख-पुकार की आवाज बाहर तक नहीं पहुंच पाई। वैसे भी आए दिन विवाद और मारपीट होने के कारण आसपास के लोगों ने शुरुआत में ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
घटना के समय घर में दंपति की सात वर्षीय बेटी मौजूद थी। बच्ची ने आसपास के लोगों को बताया कि उसके पिता मां को लगातार पीट रहे थे। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपित पति द्वारा घायल पत्नी को कपड़े से बांधकर मोटरसाइकिल से अस्पताल ले जाया जा चुका था।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर आरोपित ने चिकित्सकों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क दुर्घटना में घायल हुई है। चिकित्सकों ने जांच की तो महिला की मौत हो चुकी थी। मौत की पुष्टि होते ही आरोपित असप्ताल से फरार हो गया था।
मायके पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी मिली और वे घटनास्थल पहुंचे तो देखा घर के अंदर और बाहर खून का निशान था। नृशंस हत्याकांड की जानकारी मिलने पर मणीपुर थाना पुलिस ने घटना को तत्काल संज्ञान में लिया, और बच्ची व मृतिका की चाची सास से पूछताछ करने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- दुर्ग में दो विभागों के अधिकारियों को मेयर ने तीन घंटे बिठाये रखा, खबर लगते ही पहुंची पुलिस
आरोपित पति के द्वारा की गई जघन्य मारपीट से मृतका के सिर से पैर तक गंभीर चोटों के निशान उभर आए हैं। मृतका के पिता जगत राम व भाई फिलन साय अगरिया सहित अन्य ने बताया कि घर से भागकर शादी करने के बाद बीच-बीच में बहन के द्वारा मारपीट करने और हत्या की धमकी देने जैसी जानकारी दी जाती थी।
गुरुवार को देर रात करीब 11-12 बजे उन्हें मोबाइल फोन में बहन के साथ मारपीट करके हत्या करने की जानकारी मिली और वे अस्पताल, घटनास्थल पहुंचे, तो मौके पर मारपीट, हत्या में प्रयुक्त खाट का पाटी और खून लगा पत्थर पड़ा नजर आया। घर के अंदर से बाहर तक खून के धब्बे और खींचकर घसीटने के निशान निर्मम हत्या को इंगित करा रहा था।