नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में कालर आइडी लगाए गए कबरा हाथी के विचरण का ठिकाना पांचवें दिन से सेटेलाइट के माध्यम से मिलने लगा है। अभी तक रेडियो फ्रेक्वेंसी के माध्यम से एंटीना के सहारे वेरी हाई फ्रेक्वेंसी (वीएचएफ) से उसके ठिकाने का पता चलता था। दक्षिण अफ्रीका में निर्मित कालर आइडी कबरा हाथी पर लगाया गया है।
दक्षिण अफ्रीका की जिस कंपनी ने कालर आइडी उपलब्ध कराया था, उसके अधिकारियों से स्थानीय अधिकारी लगातार संपर्क में थे। कबरा हाथी को रामगढ़ की पहाड़ी पर 18 नवंबर को बेहोश कर रेडियो कालर लगाया गया था। साथ ही रेडियो फ्रेक्वेंसी के माध्यम से ठिकाना लेने की भी व्यवस्था की गई थी। इसके लिए एक एंटीना का उपयोग किया जाता है। यह एंटीना वन कर्मचारी के पास रहता था। निश्चित दूरी पर हाथी के होने से एंटीना के माध्यम से सिग्नल मिलता था।
वेरी हाई फ्रेक्वेंसी (वीएचएफ) सिग्नल से पता चल जाता था कि हाथी की उपस्थिति कहां है। लेकिन अब सेटेलाइट के माध्यम से भी हाथी का ठिकाना मिलना शुरू हो गया है। यह ठिकाना मोबाइल पर संदेश के रूप में आता है।मालूम हो कि 17 हाथियों के दल से मिलने से पहले कबरा हाथी बेहद आक्रामक था। वह अकेले ही विचरण करता था।
इंसानों को देखते ही मारने के लिए दौड़ आता था। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में पिछले छह महीने में उसने 19 लोगों की जान ले ली थी। फिर से उसके दल में मिल जाने से उसके व्यवहार में परिवर्तन स्वाभाविक माना जा रहा है। ऐसा होने पर उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाने का अभियान भी स्थगित करना पड़ सकता है।
रेडियो कालर लगाने के बाद से उसकी आक्रामकता थोड़ी कम हुई है। चौथे दिन उसने लगभग 12 किलोमीटर का विचरण किया। इसके पहले रेडियो कालर लगाने के बाद शुरुआती तीन दिनों तक उसका विचरण काफी कम था।
यह भी पढ़ें- जनजातीय इतिहास व संस्कृति को मिलेगा नया आयाम: 118 करोड़ की पीठ से शोध की राह खुलेगी
चार दिन तक नहीं मिला था सेटेलाइट से ठिकाना
चार दिन तक सेटेलाइट के माध्यम से मोबाइल पर ठिकाना नहीं मिलने के कारण वन अधिकारी-कर्मचारी एंटीना लेकर हाथी का स्पष्ट ठिकाना पता कर रहे थे। इसके अलावा ड्रोन की भी मदद ली जा रही थी।
शनिवार को कबरा हाथी उदयपुर के जनपद कार्यालय के सामने जंगल में था। रात को यह जंगल से बाहर निकला, उसके बाद से इसका ठिकाना पता नहीं चल रहा था। ड्रोन से भी कोई मदद नहीं मिल रही थी। रेडियो फ्रेक्वेंसी वाले एंटीना से भी कबरा हाथी का कुछ पता नहीं चल रहा था।
इससे वन अधिकारी-कर्मचारी भी असमंजस में आ गए थे कि आखिरकार कबरा हाथी गया कहां। सुबह से इसका स्पष्ट ठिकाना लेने के लिए अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में घूम रहे थे। इस समस्या को देखते हुए स्थानीय स्तर पर वन विभाग के अधिकारियों द्वारा कालर आइडी उपलब्ध कराने वाली कंपनी के अधिकारियों से चर्चा की गई।
पहले तो दक्षिण अफ्रीका की कंपनी के अधिकारियों द्वारा शनिवार और रविवार को किसी प्रकार का काम नहीं होने की बात कही गई और सोमवार से ही सेटेलाइट के माध्यम से हाथी का स्पष्ट ठिकाना उपलब्ध कराने की व्यवस्था होने की बात कही। लेकिन अधिकारियों द्वारा लगातार संपर्क करने के बाद उन्होंने काम पूरा कर दिया। रविवार शाम को मोबाइल मैसेज के माध्यम से भी हाथी का ठिकाना पता चलना शुरू हो गया।
दौलतपुर के नजदीक पहुंचा कबरा हाथी
रविवार शाम को पता चला कि कबरा हाथी दौलतपुर के नजदीक पहुंच गया है। इसी जंगल में 17 हाथियों की भी उपस्थिति है। उम्मीद की जा रही है कि कबरा हाथी भी शीघ्र ही 17 हाथियों के दल से दोबारा मिल जाएगा। दोनों के बीच एक-दो किलोमीटर की ही दूरी है।
रविवार सुबह से क्षेत्र में यह चर्चा थी कि कबरा हाथी का ठिकाना नहीं मिल रहा है। इस कारण उसके विचरण क्षेत्र वाले गांव में लोग भी चिंतित थे। लेकिन शाम को स्थिति स्पष्ट हो गई कि वह 17 हाथियों के दल के नजदीक पहुंच चुका है।
सोमवार रात तक दल में मिलने की उम्मीद सरगुजा वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी डा प्रणय मिश्रा ने बताया कि 17 हाथियों के दल के पास ही कबरा हाथी भी पहुंच गया है। अभी दल के साथ नहीं मिला है, लेकिन उम्मीद है कि सोमवार रात को वह दल में शामिल हो जाएगा।
पूर्व में लगभग छह दिनों तक वह दल के साथ था। उस दौरान उसका व्यवहार बदला हुआ था। उन्होंने बताया कि अब मोबाइल संदेश के माध्यम से भी उसका ठिकाना मिलने लगा है।