
नईदुनिया न्यूज,भैयाथान : सूरजपुर जिले के भैयाथान ब्लाक के डुमरिया–केवरा मार्ग पर खुटरापारा स्थित गोबरी नदी में उच्चस्तरीय पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल इस कार्य के लिए तीन करोड़ 51 लाख 29 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। गोबरी नदी पर बना पुल टूटने से क्षेत्र के करीब 12 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था। ग्रामीणों को जिला मुख्यालय व ब्लॉक मुख्यालय भैयाथान आने-जाने के लिए करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर तत्काल राहत के लिए अस्थायी रपटा पुल का निर्माण कराया गया था। लेकिन जुलाई 2026 में आई बाढ़ में यह रपटा भी बह गया, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें फिर बढ़ गईं। बार-बार संपर्क मार्ग बाधित होने से आमजन में नाराजगी भी थी,
अब उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में राहत की उम्मीद बढ़ी है। पुल बनने से डुमरिया–केवरा मार्ग पर आवागमन सुगम होगा। साथ ही बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने से गांवों का संपर्क टूटने और ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाने की मजबूरी से भी राहत मिलने की संभावना है। निर्माण कार्य के लिए सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद निविदा (टेंडर) आमंत्रित की जाएगी। निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पुल की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
तेलगांव से बुंदिया चौक तक सड़क निर्माण: भैयाथान विकासखंड के तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक 5.50 किलोमीटर लंबे मार्ग निर्माण कार्य की भी स्वीकृति मिल गई है। पांच करोड़ 43 लाख 67 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
डुमरिया-केवरा मार्ग का दोहरीकरण: डुमरिया एनएच-43 से केवरा पहुंच मार्ग (दूरी 18 किलोमीटर) को दोहरीकरण (चौड़ीकरण) कार्य की भी मंजूरी मिल चुकी है। इसकी कुल लागत 30 करोड़ 41 लाख रुपये है। यह इस क्षेत्र के ग्रामीणों की दशकों पुरानी मांग थी, जिसे मंत्री की पहल पर पूरा किया गया है।