
नईदुनिया न्यूज, राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरापारा में गुरुवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों खेत में काम करने गई थीं और बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी हुई थीं, तभी यह हादसा हो गया। घटना से गांव में शोक है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पतरापारा निवासी मानती टेकाम (33) एवं उनकी 14 वर्षीय पुत्री कुमारी विमला टेकाम दोपहर में खेत में कार्य कर रही थीं। दोपहर दो बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए दोनों पास में स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की तथा आगे की जांच जारी है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को उन्हें बचाने का अवसर नहीं मिल सका। एक साथ मां-बेटी की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मालूम हो कि बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र में भी पिछले दिनों आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई थी। दोनों युवक भी बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े थे,तभी हादसा हुआ था।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा एवं गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों या आकाशीय बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों पर शरण न लें। ऐसे समय सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में ही रहें।