
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से प्रशासनिक कामकाज लगातार प्रभावित हो रहा है। जिले में पटवारी बीते 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने के प्रशासनिक निर्देशों का असर न होने पर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बलरामपुर जिले में पटवारियों के कुल 200 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 150 पदों पर पटवारी कार्यरत हैं और शेष पद रिक्त हैं। इन कार्यरत 150 पटवारियों में से 133 पटवारी हड़ताल पर हैं, जबकि 17 पटवारी हड़ताल से अलग रहकर अपने नियमित कार्यों पर उपस्थित हैं।
प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: ब्रेक in सर्विस और निलंबन:
हड़ताल पर गए सभी 133 पटवारियों को प्रशासन की ओर से पहले कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस अवधि बीत जाने के बाद भी एक भी पटवारी ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए प्रशासन ने कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में दो साल के बच्चे ने चबाया पटाखा, मुंह में फटा; अधिक खून बहने से अस्पताल में मौत
128 पटवारियों पर 'ब्रेक इन सर्विस: नियमानुसार कार्रवाई करते हुए हड़ताल पर डटे 128 पटवारियों के खिलाफ 'ब्रेक इन सर्विस' (सेवा में व्यवधान) की कार्रवाई की गई है।
14 पटवारी निलंबित: हड़ताल अवधि के दौरान अनुशासनहीनता और प्रशासनिक कार्यों में बाधा के आरोप में 14 पटवारियों को निलंबित किया गया है।
पहले से निलंबित: इसके अलावा 3 पटवारी ऐसे हैं जो हड़ताल शुरू होने से पहले से ही विभिन्न मामलों में निलंबित चल रहे थे।
वेतन रोका गया: हड़ताल पर गए समस्त पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन भुगतान रोक दिया गया है।
प्रशासन के इस कड़े रुख से हड़तालरत कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं मैदानी स्तर पर राजस्व और अभिलेख से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।