
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़कमपाट (चंचलचुवा) में बच्चों के मामूली झगड़े ने एक महिला की जान ले ली। आरोपित ने अपनी ही ममेरी बहन की पत्थर से कुचलकर हत्या कर शव को जंगल में झाड़ियों के बीच गड्ढे में छिपा दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी किशुन नगेशिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास पलंगी नगेशिया (46) का शव भीतरकोना जंगल में पेड़ के झुरमुट के नीचे मृत हालत में पड़ा है। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। विवेचना में सामने आया कि आरोपित मदन नगेशिया (47) मृतका का ममेरा भाई है।
करीब दो-तीन माह पूर्व आरोपित के छोटे लड़के और मृतका की नतिन के बीच बच्चों में लड़ाई हुई थी, इसी बात को लेकर ममेरे भाई-बहन में भी झगड़ा और गाली-गलौज हुई थी। तभी से आरोपित उससे रंजिश रखने लगा था।
गोवर्धन पूजा के दिन आरोपित मदन सुनियोजित साजिश के तहत हंडिया शराब पीकर अपनी ममेरी बहन पलंगी को रात में बहाने से भीतरकोना जंगल ले गया और वहां पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं छिपा दिया। जब मृतका का शव बरामद हुआ तो संदेही के रूप में ममेरे भाई मदन नगेशिया के साथ मृतका के वाद-विवाद की जानकारी पुलिस को लगी। इसी सुराग पर पुलिस ने मदन को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने ममेरी बहन की हत्या करना स्वीकार कर लिया।