
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। पुरानी रंजिश को लेकर कार गैरेज में घुसकर मारपीट, धारदार हथियार से हमला और मोबाइल लूटने के मामले में दुर्ग पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटना के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। कार्रवाई चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कृष्णा शर्मा ने 9 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 12 बजे नागेंद्र सुमनकर अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कार गैरेज में घुस आया। आरोपितों ने वहां गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिसमें मनीष शर्मा, आनंद शर्मा और सारांश सिंह घायल हो गए।
वारदात के दौरान आरोपित एक मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अन्य तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया है। प्रकरण में बीएनएस की धारा 109, 309 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।
पुरानी रंजिश, गैरेज में हमला, घायल और गिरफ्तारी -
पुरानी रंजिश: नागेंद्र सुमनकर और उसके साथियों की पुरानी रंजिश के चलते विवाद चल रहा था।
गैरेज में धावा: बीती रात करीब 12 बजे आरोपी अचानक कार गैरेज में घुस आए और गाली-गलौज की।
हमला और लूट: विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया और मोबाइल लूटकर भागे।
पुलिस एक्शन: स्मृतिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को दबोच लिया और लूटा हुआ फोन बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें- गजब का 'उचित मूल्य' दुकान: न राशन पूरा, न संचालक मौजूद; कार्ड दिखाओ, पैसे चुकाओ और धमकी पाओ