मकान में चल रही थी प्रार्थना सभा, हिंदू संगठन के लोगों ने किया विरोध, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
CG News: छत्तीसगढ़ के भिलाई में चरोदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक निजी मकान में मसीही समुदाय द्वारा सा ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Feb 2026 08:30:45 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Feb 2026 08:30:45 PM (IST)
मकान में चल रही थी प्रार्थना सभा, हिंदू संगठन के लोगों ने किया विरोधHighLights
- मकान में चल रही थी प्रार्थना सभा, हिंदू संगठन के लोगों ने किया विरोध
- हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों को कराया शांत
- चरोदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मकान के सामने जुटी भीड़
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। चरोदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक निजी मकान में मसीही समुदाय द्वारा सामूहिक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे और बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने व मतांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
जानकारी लगते ही भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। मामले में पुलिस हिंदूवादी संगठन की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, भिलाई चरोदा निगम के वार्ड क्रमांक 23, हाउसिंग बोर्ड कालोनी के क्वार्टर नंबर एलआइजी-436 में पास्टर आशीष द्वारा मसीही समाज के 20 से अधिक महिला-पुरुषों के साथ सामूहिक प्रार्थना कराई जा रही थी।
मोहल्ले में रहने वाले प्रकाश राजपूत, मनोज ओझा, आनंद कुमार, आशु सिंह सहित अन्य लोग तथा बजरंग दल के जिला संयोजक पुष्पराज सिंह, गो रक्षा प्रमुख अरुण शर्मा, मिथिलेश सहित अन्य लोग दोपहर तीन बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रार्थना की आवाज कम करने और आयोजन की अनुमति को लेकर सवाल उठाए, जिस पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के बिश्रामपुर में रेण नदी में नहाने गए दो नाबालिग डूबे, तलाश में जुटे गोताखोर, परिजनों का बुरा हाल
स्थिति बिगड़ती देख भिलाई-3 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा एवं थाना प्रभारी अंबर भारद्वाज पेट्रोलिंग पार्टी के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस ने एहतियातन सभी संबंधित लोगों को थाना पुरानी भिलाई ले जाकर पूछताछ की।
मोहल्लेवासियों और हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने का विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग की है। बताया कि इस संबंध में 22 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन थाना पुरानी भिलाई में दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।