
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। सुपेला थाना अंतर्गत भिलाई स्थित एक होटल में 19 वर्षीय युवक शादाब खान की लाश मिली है। मृतक अपने से चार साल बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था। मृतक स्कार्फ को फंदा बनाकर पंखे से लटक गया। पुलिस ने मृतक के साथ गई युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उसके बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के स्वजनों ने पूरे मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। जवाहर नगर भिलाई अटल आवास निवासी शादाब खान पियानो बजाता था।
वह मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा। शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत बंद थी।
शादाब वर्तमान में अपने से उम्र में चार साल बड़ी युवती को डेट कर रहा था। लेकिन, मंगलवार की रात शादाब की पुरानी गर्लफ्रेंड का फोन आया था। इसे लेकर शादाब की गर्लफ्रेंड नाराज हो गई।
फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई। नाराज गर्लफ्रेंड ने शादाब को डराने अपने हाथ में चीरा लगा लिया और बिस्तर पर लेट गई। बाद में शादाब ने अपने गर्लफ्रेंड के चुनरी से होटल के पंखे में फांसी पर लटककर खुदकुशी कर ली।
सुबह नींद खुलने पर गर्लफ्रेंड ने घटना की जानकारी अपने दोस्तों को दी। मौके पर पहुंचे उसके दोस्तों ने पुलिस को फोन कर बुलाया।
पुलिस ने शव बरामद करने के बाद मृतक के गर्लफ्रेंड को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ पूरी करने के बाद शव का पीएम कराकर मृतक के स्वजनों को सौंप दिया।