भिलाई में रेड्डी अन्ना 108 एप्लीकेशन से सट्टे का कारोबार, खुर्सीपार पुलिस ने चार आरोपितों को दबोचा
भिलाई के खुर्सीपार में रेड्डी अन्ना 108 एप्लीकेशन से ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले चार आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने दो लैपटॉप, 17 मोबाइल, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार नकद जब्त किए।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 07:26:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 07:26:44 PM (IST)
भिलाई l पुलिस गिरफ्त में आरोपित lHighLights
- रेड्डी अन्ना 108 एप से सट्टा कारोबार।
- चार आरोपित गिरफ्तार, 17 मोबाइल जब्त।
- 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार नकद मिले।
नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई: आनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खुर्सीपार पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कमरे में ‘रेड्डी अन्ना 108’ आनलाइन सट्टा एप्लीकेशन और पैनल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से दो लैपटाप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपितों द्वारा सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार सात नवंबर को खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास स्थित एक कमरे में कुछ लोग लैपटाप और मोबाइल के माध्यम से आनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। इस दौरान चार लोग आनलाइन सट्टा गतिविधियों में संलिप्त मिले।
पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और मौके से सट्टा संचालन में इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रानिक उपकरण सहित अन्य सामग्री जब्त की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप्लीकेशन और पैनल के जरिए सट्टे का कारोबार संचालित करते थे। इसके लिए विभिन्न लोगों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का उपयोग किया जाता था।
खाताधारकों को इसके बदले कमीशन अथवा निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। अब पुलिस संबंधित बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने मामले में आरोपित अमित तिवारी (21) निवासी सेक्टर-11, जोन-02 खुर्सीपार भिलाई, विकास कुमार साहू (24) निवासी मछली मार्केट जोन-02 खुर्सीपार भिलाई, शुभम कुमार पाल (21), निवासी सेक्टर-11, जोन-02 खुर्सीपार भिलाईऔर यशमीत सिंह (19) निवासी जोन-03, मस्जिद के पास खुर्सीपार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा आरोपितों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कविवेचना की जा रही है।