तालपुरी में बाइक जली वैशाली नगर में घर राख, सेक्टर-6 नगर निगम जोन कार्यालय में सरकारी रिकॉर्ड जला
दीपावली की रात दुर्ग जिले में तालपुरी, वैशाली नगर और सेक्टर-6 में चार स्थानों पर आगजनी हुई, अग्निशमन टीम ने तत्काल पहुंचकर आग पर काबू पाया, कोई जनहानि नहीं हुई।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 06:08:13 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 06:08:13 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- दीपावली रात दुर्ग में चार आगजनी की घटनाएं।
- तालपुरी, वैशाली नगर, सेक्टर-6 में आग लगी।
- अग्निशमन टीम ने काबू पाया, जनहानि नहीं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। दीपावली की रात जिले में आगजनी की चार घटनाएं सामने आईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के नेतृत्व में दीपावली की रात सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दुर्ग जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहन तैनात किए गए थे। इनमें दुर्ग का पटेल चौक, सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम और छावनी थाना प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसका उद्देश्य आगजनी की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना था।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, पहली घटना तालपुरी बी-ब्लॉक में हुई, जहां एक मोटरसाइकिल में आग लग गई थी। दूसरी घटना वैशाली नगर थाना के पीछे एक घर में हुई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। तीसरी घटना सेक्टर-6 स्थित नगर निगम के जोन कार्यालय क्रमांक-5 में हुई, जहां सरकारी रिकॉर्ड में आग लग गई। वहीं चौथी घटना वैशाली नगर क्षेत्र के गुरुनानक नगर में एक घर में आग लगने की थी। चारों स्थानों पर अग्निशमन दल ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
रातभर की गई पेट्रोलिंग
अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा एवं संतोष पांडेय के नेतृत्व में दुर्ग-भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में अग्निशमन वाहनों से पेट्रोलिंग भी की गई। इस दौरान जयंती स्टेडियम के आसपास रात करीब 12 बजे 10 हजार से अधिक लोग पटाखे फोड़ते नजर आए। अग्निशमन कर्मचारियों ने लोगों को सावधानी बरतने की समझाइश दी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
दल प्रभारी धन्नू यादव, डालाराम साहू, केशव यादव, महेंद्र चंदेल और शरद मेश्राम सहित अग्निशमन कर्मचारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर राहत कार्य किया। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में पूरी एसडीआरएफ टीम अग्निशमन कार्यालय में अलर्ट मोड पर तैनात रही।
समय पर कार्रवाई होने से बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी भी स्थान पर जनहानि नहीं हुई।