
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। बुधवार को भी बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम प्रशासन ने जोन-4 शिवाजी नगर क्षेत्र स्थित नंदिनी रोड पर हुए अवैध कब्जे को हटाया। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेश के पालन में की गई।
जानकारी के अनुसार नंदिनी रोड स्थित ग्रुप-ए भूखंड क्रमांक-2 के पूर्व दिशा में उत्पल घोष द्वारा अवैध निर्माण कर आवागमन प्रभावित करते हुए व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। निगम प्रशासन ने 11 जून को बेदखली की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन कब्जाधारी द्वारा स्वयं निर्माण हटाने के लिए 24 घंटे का अतिरिक्त समय मांगा गया। निगम ने मानवीय आधार पर समय दिया, किंतु निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
इसके बाद निगम प्रशासन ने बुधवार को जोन-4 राजस्व विभाग, बेदखली दल एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
उल्लेखनीय है कि निगम द्वारा लगातार तीन दिनों से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले मंगलवार को जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र के वार्ड-24 हाउसिंग बोर्ड फौजी नगर में नाली पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटाया गया था। निगम अधिकारियों के अनुसार अवैध निर्माण के कारण नालियों की नियमित सफाई और रखरखाव कार्य प्रभावित हो रहा था। वहीं सोमवार को राधिका नगर स्थित ईडब्ल्यूएस भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मदरसे को उच्च न्यायालय के आदेश पर हटाया गया था। इसी दिन निगम ने दो अन्य स्थानों पर भी शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। निगम अधिकारियों का कहना है कि मार्गों, नालियों एवं शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।