
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे के सरकारी वाहन पर एक युवक द्वारा पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया गया।
घटना गुरुवार सुबह लगभग 6:30 बजे महापौर के ग्राम गनियारी स्थित निवास के बाहर हुई। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर भिलाई-3 पुलिस ने इस मामले में गांव के ही निखिल टंडन को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महापौर का सरकारी वाहन क्रमांक सीजी 07 सीयू 9918 उनके गनियारी निवास के बाहर खड़ा था।
सुबह अचानक जोर की आवाज सुनकर महापौर निर्मल कोसरे और उनके परिजन घर से बाहर निकले। बाहर आकर देखने पर पता चला कि किसी ने पत्थर मारकर वाहन की पिछली सीट का शीशा पूरी तरह तोड़ दिया है। घटना के तुरंत बाद निवास स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
फुटेज में गनियारी गांव के ही निवासी निखिल टंडन से मिलता-जुलता हुलिया वाला युवक कार पर पत्थर मारते हुए दिखाई दिया। इसके बाद महापौर के पीएसओ और वाहन चालक ने भिलाई-3 थाने को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाने की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक निखिल टंडन को हिरासत में ले लिया। महापौर के वाहन में पत्थर मारने के पीछे के असल कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।