नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: नंबर प्लेट पर कागज, टेप, मैग्नेट, स्टीकर, कपड़ा, पन्नी या पेंट लगाकर पहचान छिपाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान एक बार फिर से शुरू हो गया है। जनवरी 2026 से अब तक ऐसे 724 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इनसे सात लाख 24 हजार रुपये का चालान शुल्क वसूल किया है।
यातायात पुलिस के अनुसार, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को छिपाने का माध्यम भी बन सकती है। इसी वजह से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और यातायात प्वाइंट पर ऐसे वाहनों की विशेष निगरानी की जा रही है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश नंबर प्लेट छिपाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। यातायात के सभी निरीक्षकों और प्वाइंट पर तैनात बल को नंबर प्लेट स्पष्ट रखने वाले नियम की सख्ती से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना नंबर प्लेट या नंबर छिपाकर चलने वाले वाहन की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित यातायात प्वाइंट और स्थानीय थाने को देने की व्यवस्था की गई है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि वाहन की गति अधिक होने के कारण किसी स्थान पर उसे तत्काल रोकना संभव नहीं होने पर अगले चौक या प्वाइंट पर वाहन को रोका जा सकता है। इसके लिए शहर में सघन चेकिंग भी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कई मामलों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां वाहन चालकों पर आर्थिक दंड लगाया गया। वहीं कुछ मामलों में संबंधित थानों में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए और आरोपित वाहन चालकों को जेल भेजा गया।
देश के अलग-अलग हिस्सों में नंबर प्लेट छिपाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में नंबर प्लेट को जानबूझकर अस्पष्ट करने वाले वाहनों की जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन में नियमानुसार स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएं और उसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। साथ ही वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज और प्रक्रियाएं पूरी रखें, ताकि जांच के दौरान परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में 10 हजार परिवारों को मिलेगा जमीन का मालिकाना हक, 800 दिव्यांगों को बटेंगे उपकरण
इन तरीकों से छिपा रहे नंबर
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि वाहन चालक नंबर प्लेट को छिपाने के लिए कई तरह के तरीके अपना रहे हैं। इनमें नंबर प्लेट पर कागज चिपकाना, टेप या मैग्नेट लगाना, स्टिकर चिपकाना, कपड़ा या पन्नी बांधना और पेंट से नंबर को अस्पष्ट करना शामिल है। कुछ मामलों में वाहन की नंबर प्लेट को मोड़कर भी नंबर छिपाने का प्रयास किया जाता है।
पुलिस ऐसे सभी तरीकों को नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ मानकर कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने वाहन मालिकों को सलाह दी है कि नंबर प्लेट पर ऐसा कोई पदार्थ या आवरण न लगाएं, जिससे वाहन का पंजीयन नंबर दूर से स्पष्ट दिखाई न दे।
बिना हेलमेट और माडिफाइड साइलेंसर पर भी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने नंबर प्लेट के अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर भी अभियान चलाया है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शहर में माडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज, कर्कश और कानफोड़ू आवाज करने वाले दोपहिया वाहनों को भी अभियान के दायरे में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन जरूरी है। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित समझाइश भी दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को दुर्घटनाओं से बचाव और सुरक्षित यातायात व्यवहार के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
कुछ मामलों में दर्ज हुए आपराधिक प्रकरण
यातायात पुलिस के अनुसार नंबर प्लेट छिपाने के मामलों में केवल चालानी कार्रवाई तक प्रक्रिया सीमित नहीं रही। कई मामलों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां संबंधित वाहन चालकों पर आर्थिक दंड लगाया गया। कुछ मामलों में स्थानीय पुलिस के माध्यम से आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए।
पुलिस ने बताया कि जांच में गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध वाहन मिलने की संभावना को देखते हुए ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। चोरी के वाहन की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट पर टेप आदि लगाने जैसे मामलों में आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई होने के उदाहरण भी पुलिस ने बताए हैं।