
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिविल लाइन थाने के हिस्ट्रीशीटर भूपेन्द्र दुबे उर्फ पंडा उर्फ गोलू ने 13 नवंबर की रात चांदनी चौक में जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत होकर हाथ में लोहे की रॉड लेकर वह सड़क पर आने-जाने वालों को मारने के लिए दौड़ाता रहा। सड़क किनारे खड़ी कार और दोपहिया वाहनों पर भी काफी देर तक राड बरसाता रहा। उसकी हरकतों से दहशत में आए लोग घरों में दुबक गए और छतों से पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे।
हैरानी की बात यह रही कि डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो वह पुलिसकर्मियों के सामने ही गाली-गलौज और धौंस दिखाता रहा। पुलिसकर्मी उसका नाम-पता दर्ज कर लौट गए, लेकिन उनके जाने के बाद भी उसका उत्पात जारी रहा। घटना के तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने और एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आई। गुरुवार रात उसे थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 13 नवंबर की रात भूपेन्द्र नशे की हालत में चांदनी चौक स्थित अपने घर के सामने लोहे की राड लेकर सड़क पर घूम रहा था। रास्ते से गुजरने वाले लोगों को वह दौड़ाकर मारने का प्रयास कर रहा था। बाइक सवारों ने तेज रफ्तार से वाहन निकालकर अपनी जान बचाई। सड़क किनारे खड़ी कार को भी वह लगातार रॉड से पीटता रहा। उसके पिता ने उसकी हरकतों से परेशान होकर डायल 112 को फोन कर सूचना दी। इससे वह और आक्रामक हो गया। करीब एक घंटे तक सड़क पर उसका उत्पात जारी रहा। मोहल्ले के लोग घरों के भीतर रहे और छतों से वीडियो बनाते रहे।
डायल 112 की टीम पहुंची तो भूपेन्द्र सीधे पुलिस वाहन के पास पहुंच गया। वीडियो में वह पुलिसकर्मियों से आक्रामक और अभद्र लहजे में बात करता दिखाई देता है। कभी उन्हें बड़े भैया और प्रणाम भैया कहता है तो अगले ही पल चुनौती देने लगता है। वह कहता सुनाई देता है कि मेरा नाम बता दो, दुकान का नाम बता दो, मकान नंबर ले लो, जो करना है कर लो। साथ ही यह भी कहता है कि हम गलत नहीं करते और जो गलत करता है, उसे छोड़ते नहीं हैं।
पुलिसकर्मी उसे समझाने का प्रयास करते रहे। इस दौरान वह अपने परिवार का हवाला देकर भी धौंस जमाता रहा। वीडियो में पुलिसकर्मी उससे पूछताछ करते और उसकी जानकारी दर्ज करते दिखाई देते हैं। इसके बाद टीम वहां से लौट जाती है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब आरोपी खुलेआम रॉड लेकर उत्पात मचा रहा था और पुलिसकर्मियों के सामने भी आक्रामक बना हुआ था, तब उसे मौके से हिरासत में लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
सड़क पर उत्पात और वाहनों में तोड़फोड़ के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। ये वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तक पहुंचे तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सिविल लाइन पुलिस को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और गुरुवार रात भूपेन्द्र को थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई। इससे पहले डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचने के बावजूद उसे थाने नहीं ले गई थी।
भूपेन्द्र दुबे सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जाता है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में ही एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है। पुलिस ने करीब दस साल पहले उसके खिलाफ जिला बदर का प्रस्ताव भी भेजा था। इसके बावजूद उसके द्वारा सार्वजनिक सड़क पर इस तरह उत्पात मचाने की घटना ने पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चांदनी चौक में भूपेन्द्र के उत्पात मचाने के वीडियो की जानकारी मिलने पर उसे हिरासत में लिया गया है। शराब के नशे में होने के कारण डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने उसे थाने नहीं लाया होगा। उससे पूछताछ की जा रही है।रविशंकर तिवारी, थाना प्रभारी, सिविल लाइन