जमीन समतल करने के नाम पर ठग ने दिखाई ऐसी 'फिल्मी शूटिंग'; झांसे में आकर बिलासपुर के शिक्षक ने गंवाए नौ लाख
बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र के श्रीपारा निवासी रिटायर्ड शिक्षक रामनारायण सिंह पोर्ते से जमीन समतल करने के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 28 Jun 2026 01:14:31 PM (IST)Updated Date: Sun, 28 Jun 2026 01:14:31 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र इंटरनेट से लिया गयाHighLights
- खेत पर मशीन और स्कार्पियो दिखाकर जालसाज ने जीता भरोसा
- घर से दो लाख और बैंक से निकाले सात लाख रुपये
- पीड़ित खेत पहुंचे तो मशीन समेत पूरी गैंग गायब
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। उबड़-खाबड़ जमीन को समतल कर खेती लायक बनाने का झांसा देकर बाइक से आए युवक ने रिटायर्ड शिक्षक से नौ लाख रुपये ले लिए। बैंक में रुपये मिलते ही युवक बाइक समेत भाग निकला। जब रिटायर्ड शिक्षक अपनी जमीन के पास पहुंचा तब वहां पर ना तो मशीन थी और ना ही उसके साथ आए लोग। ठगी की जानकारी मिलते ही रिटायर्ड शिक्षक ने पूरे मामले की शिकायत कोटा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
कोटा क्षेत्र के श्रीपारा में रहने वाले रामनारायण सिंह पोर्ते(65) रिटायर्ड टीचर हैं। गांव में उनकी तीन एकड़ जमीन है। जमीन उबड़-खाबड़ होने के कारण वहां पर खेती नहीं होती। रिटायर्ड टीचर अपनी जमीन को खेती लायक बनवाने के लिए बेकहो लोडर मशीन की तलाश कर रहे थे। इसी बीच 22 जून की सुबह करीब 10 बजे उनके घर पर एक युवक आया। उसने जमीन समतल करने की बात कहते हुए जगह दिखाने के लिए कहा। तब रिटायर्ड शिक्षक उसकी बाइक पर बैठकर अपनी जमीन दिखाने चले गए।
इस दौरान युवक ने खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया। दूसरे दिन सुबह करीब नौ बजे युवक उनके घर पर आया। उसने बताया कि जमीन को समतल करने काम शुरू हो गया है। उसने रिटायर्ड शिक्षक को काम देख लेने कहा। तब रामनारायण उसकी बाइक पर बैठकर जमीन देखने के लिए चले गए। वहां पर जमीन समतल करने का काम चल रहा था। पास में ही कुछ लोग एक सफेद स्कार्पियो पर बैठे थे। बाइक सवार युवक ने जमीन की नाप के हिसाब से नौ लाख रुपये मांगे। तब रिटायर्ड टीचर ने घर से दो लाख रुपये युवक को दे दिए। रुपये मिलने के बाद युवक ने सात लाख रुपये तत्काल मांगे। उसने एक और मशीन लगाकर काम को दो दिन में ही पूरा करने की बात कही। उसकी बातों में आकर रिटायर्ड टीचर कोटा स्थित बैंक गए।
बैंक से सात लाख रुपये निकलवाकर उन्होंने वहीं पर युवक को पूरे रुपये दे दिए। उसने रिटायर्ड शिक्षक को खेत के पास पहुंचने के लिए कहा। जब रिटायर्ड शिक्षक अपनी जमीन के पास पहुंचे तब वहां पर कोई नहीं था। खेत पर चल रही मशीन और आपरेटर समेत वहां मौजूद लोग गायब थे। ठगी की आशंका पर रिटायर्ड ने तत्काल इसकी जानकारी कोटा पुलिस को दी। तब कोटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पीड़ित की शिकायत पर कोटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।