नवरात्र में रोशनी गायब, अंधेरे के हवाले जूना बिलासपुर, हटरी चौक से किलावार्ड तक स्ट्रीट लाइट गुल, शिकायत पर निगम बोला- 'स्टाफ नहीं है'
नवरात्र के पावन अवसर पर जूना बिलासपुर के हटरी चौक, किलावार्ड और बनियापारा जैसे प्रमुख इलाकों में स्ट्रीट लाइट बंद रहने से अंधेरा छाया हुआ है। इससे पंडालों से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हो रही है।
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 10:41:03 PM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 10:41:03 PM (IST)
हटरी चौक से किलावार्ड और बनियापारा तक स्ट्रीट लाइट बंदHighLights
- जूना बिलासपुर के कई मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट बंद।
- नवरात्र में दर्शनार्थियों को अंधेरे में चलना पड़ रहा है।
- निगम पहुंचे लोगों को 'स्टाफ नहीं है' का जवाब मिला।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: नवरात्र में पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा है, लेकिन जूना बिलासपुर के कई मोहल्ले अंधेरे में डूबे हैं। हटरी चौक से किलावार्ड और बनियापारा तक स्ट्रीट लाइट बंद होने से श्रद्धालुओं और रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात तक दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए आने-जाने वालों की आवाजाही के बीच रास्तों पर पसरा अंधेरा सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है। इसके बावजूद नगर निगम का प्रकाश विभाग समस्या से बेखबर नजर आ रहा है।
शिकायतों के बाद भी राहत नहीं मिलने से रहवासियों में नाराजगी है। नवरात्र पर्व की वजह से देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है। ऐसे में सड़कों पर स्ट्रीट लाइट का बंद होना नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। जूना बिलासपुर के प्रभावित मोहल्लों में लोगों को अंधेरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि नवरात्र जैसे प्रमुख पर्व पर प्रमुख मार्गों और गलियों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। इसके बावजूद स्ट्रीट लाइट बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने नगर निगम से जल्द लाइटें चालू कराने की मांग की है, ताकि पर्व के दौरान लोगों को अंधेरे से राहत मिल सके।
शिकायत लेकर पहुंचे लोग, प्रकाश विभाग के पास जवाब नहीं
स्ट्रीट लाइट बंद होने से परेशान स्थानीय नागरिक जब नगर निगम के प्रकाश विभाग पहुंचे और लाइट बंद होने का कारण पूछा, तो उनके मुताबिक, विभाग की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि शिकायत करने पर संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। उन्हें कहा गया कि स्टाफ नहीं है।
स्ट्रीट लाइट का बंद होना केवल असुविधा का मामला नहीं, बल्कि रात में सुरक्षित आवागमन से भी जुड़ा है। नागरिकों का कहना है कि अंधेरे रास्तों पर पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्टाफ की कमी का हवाला देकर शिकायतों को टालना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। रहवासियों की मांग है कि नगर निगम प्रशासन तत्काल प्रभावित मार्गों का निरीक्षण कराए, खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराए और यह स्पष्ट करे कि समस्या कब तक दूर होगी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर सीएमडी कॉलेज मेले में गुपचुप खाते ही एक ही परिवार के 7 लोग फूड पाइजनिंग के शिकार, सातों सिम्स में भर्ती