
नईदुनिया प्रतिनिधि बिलासपुर। 13 दिनों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार की रात जिले में हुई पहली प्रभावी वर्षा ने मानसून की रफ्तार बढ़ने के संकेत दे दिए हैं। जिले में 51.3 मिमी वर्षा दर्ज होने से मौसम का मिजाज बदला है, हालांकि एक जून से अब तक केवल 17.5 मिमी वर्षा होने से स्थिति अभी भी सामान्य से काफी पीछे है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक से चार जुलाई के बीच जिले में झमाझम वर्षा का मजबूत दौर शुरू होने की संभावना है। हालांकि वर्षा की पहली झलक ने नगर निगम की व्यवस्था और दावों की पोल खोल दी। नाली चोक और सड़के फिर लबालब हो गई। जिसके कारण रात को दो घंटे तक शहर में यातायात प्रभावित हुआ।
कम अवधि की इस वर्षा से शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, लेकिन जिले के सभी हिस्सों में वर्षा समान रूप से नहीं हुई। बेलगहना, बेलतरा और रतनपुर में एक बूंद भी वर्षा दर्ज नहीं की गई, जिससे जिले की औसत वर्षा केवल 4.3 मिमी रही। एक जून से अब तक जिले में वर्षा का आंकड़ा अपेक्षा से काफी कम बना हुआ है।
बिलासपुर में अब तक केवल 17.5 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है, जबकि पिछले दस वर्षों का औसत 141.9 मिमी रहा है। यानी सामान्य स्थिति की तुलना में इस बार वर्षा अभी काफी पीछे चल रही है। मौसम विभाग का मानना है कि अब मानसूनी तंत्र पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। विशेष रूप से एक जुलाई से चार जुलाई के बीच जिले में मध्यम से तेज वर्षा के कई दौर आने की संभावना जताई गई है, जिससे कृषि कार्यों और जलस्रोतों को राहत मिलने की उम्मीद है।
17.5 मिमी बनाम 141.9 मिमी, आंकड़े बता रहे पूरी कहानी
एक जून से अब तक बिलासपुर में केवल 17.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जबकि पिछले दस वर्षों का औसत 141.9 मिमी है। यानी सामान्य वर्षा की तुलना में इस सीजन की शुरुआत बेहद कमजोर रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी वर्षा होने पर यह कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है। जिले में एक जून से अब तक 211.9 मिमी वर्षा हो चुकी है। सबसे ज्यादा सकरी तहसील में 30 मिमी वर्षा दर्ज है जबकि सबसे कम बेलतरा सात मिमी बरसात हुई है।
एक से चार जुलाई तक झमाझम दौर के संकेत
मौसम विज्ञानियों के अनुसार वर्तमान वर्षा के साथ मानसूनी तंत्र सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण एक जुलाई से चार जुलाई के बीच जिले में मध्यम से तेज वर्षा के कई दौर बनने की संभावना है। यदि पूर्वानुमान सही रहा तो खरीफ फसलों, जलाशयों और भूजल स्तर को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। वैसे मौसम विभाग ने 29 और 30 जून को भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की बात कही है।
51.3 मिली मीटर वर्षा जिले में दर्ज
15 मिमी केवल शहर में हुई वर्षा
17.5 मिमी शहर में जून की वर्षा