एक्सीडेंट की आड़ में हत्या का प्लान फेल; बिलासपुर में छोटा हाथी से कुचलकर बल्ली से प्रहार, CCTV में कैद
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला हुआ। अपोलो चौक के पास खड़...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 28 Jun 2026 02:44:28 PM (IST)Updated Date: Sun, 28 Jun 2026 02:44:28 PM (IST)
HighLights
- पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप, दो युवक सिम्स में भर्ती
- सड़क किनारे खड़े युवकों को मालवाहक से मारी टक्कर
- रात के सन्नाटे में लिंगियाडीह में मची अफरा-तफरी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र लिंगियाडीह में सड़क किनारे खड़े दो युवकों को पहले एक मालवाहक वाहन से टक्कर मारने और उसके बाद वाहन से उतरे युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लिंगियाडीह अपोलो चौक के पास रहने वाले निखिल ध्रुव (16) दूध बांटने का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने घर की छत पर खड़ा था। इसी दौरान उसके दोस्त आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व अपोलो चौक स्थित एक घर के पास खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से एक छोटा हाथी मालवाहक वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए वहां पहुंचा और सड़क किनारे खड़े आदित्य महंत व रवि गंधर्व को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद वाहन से उतरे कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। वाहन से उतरे बाण्डूया और बऊवा नामक युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान अमन नायडू भी कार से मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर आदित्य महंत और रवि गंधर्व के साथ मारपीट की। इस दौरान फाइबर और बल्ली से हमला किया। मारपीट से आदित्य महंत के कान, गला, सिर और सीने में चोट आई है, जबकि रवि गंधर्व की आंख, सिर और दोनों पैरों में चोट बताई गई है। आसपास के लोगों ने किसी तरह घायल को सिम्स पहुंचाया। इसके बाद निखिल ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।