
नईदुनिया प्रतिनिधि बिलासपुर। मानसून की दस्तक के बाद भी करीब 13 दिनों तक वर्षा का इंतजार कर रहे बिलासपुरवासियों की शनिवार रात आखिरकार मुराद पूरी हो गई। रात करीब नौ बजे शुरू हुई झमाझम वर्षा ने कुछ ही देर में पूरे शहर का मिजाज बदल दिया। जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं निचले इलाकों में जलभराव ने नगर निगम की तैयारियों की फिर पोल खोल दी। किसानों के चेहरों पर खुशी तो शहरवासियों को जाम और पानी भरी सड़कों की परेशानी झेलनी पड़ी।
आमतौर पर बिलासपुर में 15 से 18 जून के बीच अच्छी वर्षा हो जाती है, लेकिन इस बार मानसून के प्रदेश में प्रवेश के बावजूद जिले में अपेक्षित वर्षा नहीं हुई। करीब 13 दिन की देरी के बाद शनिवार रात तेज वर्षा ने पूरे शहर को भिगो दिया। देखते ही देखते पुराना बस स्टैंड, हंसा विहार, राजकिशोर नगर,तारबाहर, सरकंडा, व्यापार विहार, शनिचरी बाजार, मगरपारा और रेलवे स्टेशन के आसपास की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
नालों का पानी सड़कों पर आने से यातायात भी प्रभावित रहा। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं भी टूटी। हालांकि वर्षा ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। खेतों में नमी आने से धान की बोनी की तैयारी कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी जिले में अच्छी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
शनिवार की वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अब बीज उपचार और रोपाई की तैयारी में जुट गए हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक वर्षाका सिलसिला जारी रहा तो खरीफ फसल को बड़ा लाभ मिलेगा।
आज भी वर्षा की संभावना, उमस व गर्मी भी बनी रहेगी मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले दो से तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा की संभावना बनी हुई है। कहीं-कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी आशंका है। लोगों को अनावश्यक रूप से खुले मैदानों में जाने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। नदी-नालों के किनारे विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है। हालांकि गर्मी व उमस का असर रहेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
गरज और गुल हुई बिजली, कई मोहल्ले दो घंटे तक अंधेरे में डूबे
तेज वर्षा के साथ लगातार हो रही बादलों की गर्जना और आकाशीय बिजली ने शहर में कुछ समय के लिए ब्लैकआउट जैसे हालात पैदा कर दिए। गाज गिरने की चर्चाओं के बीच एहतियातन कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तेलीपारा, लिंक रोड, हंसा विहार, व्यापार विहार, तोरवा, शंकर नगर, हेमू नगर और राजकिशोर नगर सहित कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही। बिजली बंद होने से लोगों को उमस और अंधेरे के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।