नेशनल हाईवे 130 में ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-130 पर चंद्रखुरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 06 Sep 2026 06:59:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 06 Sep 2026 06:59:26 PM (IST)
HighLights
- चंद्रखुरी के अन्नपूर्णा ढाबा के सामने हुआ एक दर्दनाक हादसा।
- दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस।
- आसपास के लोगों से ली जा रही जानकारी।
नईदुनिया न्यूज, बिलासपुर: बिलासपुर-रायपुर मार्ग नेशनल हाईवे-130 पर रविवार दोपहर चंद्रखुरी के पास ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
हादसा सरगांव थाना क्षेत्र के चंद्रखुरी स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे तीन युवक बाइक से हाईवे-130 से गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ने बाइक को ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
हादसे में भोला साहू निवासी भिलौनी और सुखसागर यादव निवासी पिपरलोड, सरगांव जिला मुंगेली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज यादव निवासी बदरा ब गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव भेजा।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।