
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शहर में पिछले 1-2 दिनों से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक को नाली का स्लैब तोड़कर भीतर से बाहर निकाला जा रहा है। वीडियो के साथ ऐसी जानकारी आ रही है कि युवक पिछले 5 दिनों से नाली के भीतर फंसा हुआ था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह कब से और कितने दिनों से नाली के भीतर फंसा था।
बता दें कि वायरल वीडियो नजर आ रहा है कि एक्सीवेटर की मदद से नाली का स्लैब तोड़कर युवक को निकाला गया। नाली से बाहर निकलते ही युवक बहकी-बहकी बातें कर रहा था। इधर लोग इस पूरी बातचीत का वीडियो बनाते रहे। इस दौरान युवक अजीब-अजीब बातें करने लगा और कहानियां सुनाने लगा।
जानकारी से अनुसार यह वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में बताया गया कि शुक्रवार छह फरवरी की सुबह पुराना बस स्टैंड के पास स्थित भारत होजियरी के पीछे नाली से एक व्यक्ति की आवाज आ रही थी। वहां पर नाली स्लैब से ढंकी थी। इसके कारण लोग सहम गए। पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने एक्सीवेटर को बुलवाकर स्लैब तोड़कर हटाया गया।
स्लेब टूटने के बाद भीतर से एक युवक किसी तरह बाहर निकला। वह युवक ठंड के कारण कांप रहा था। पूछताछ में युवक ने मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा से आना बताया। युवक ने अपना नाम राम कुमार चौहान बताया। इसके बाद वह गोलमोल बातें करने लगा। आसपास के लोगों ने युवक को उसके घर जाने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में तेज रफ्तार बाइक नाली में गिरने से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
वीडियो के संबंध में जब कोतवाली थाना प्रभारी से पूछा गया, तो उन्होंने भी सोशल मीडिया पर ही वीडियो देखने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके संबंध में डायल 112 के जवानों से जानकारी ली गई है। इसके अलावा बस स्टैंड के आसपास रहने वालों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई है। इसमें इस तरह की किसी भी घटना की सूचना नहीं मिली है।
इधर नगर निगम के अधिकारियों ने भी बताया कि उनका एक्सीवेटर कहीं पर भी नाली का स्लैब तोड़ने नहीं गया है। निगमकर्मियों ने भी इस तरह की जानकारी होने से इनकार किया है।
इस पूरे घटना क्रम में चौंकाने वाली बात यह है कि वह युवक नाली के भीतर कैसे पहुंचा और कब से नाली के भीतर था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक के चोरी या किसी अन्य तरह के अपराध में लिप्त होने को लेकर भी शक है। दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन इससे पूरी तरह बेखबर है। युवक कौन है, कहां गया इसकी कोई जानकारी नहीं।