धमतरी में शादी के दूसरे दिन उजड़ गया सुहाग, दूल्हे ने लगाई फांसी, मातम में बदलीं खुशियां; इलाके में पसरा सन्नाटा
धमतरी जिले के कन्हारपुरी गांव में शादी के दूसरे दिन दूल्हे सिद्धेश्वर कंवर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Apr 2026 09:26:24 AM (IST)Updated Date: Sun, 19 Apr 2026 09:26:24 AM (IST)
शादी के दूसरे दिन दूल्हा ने फांसी लगाकर दी जान (प्रतीकात्मक फोटो)HighLights
- 16 अप्रैल को महासमुंद में हुई थी शादी
- आशीर्वाद समारोह के बाद कमरे में गया दूल्हा
- सुबह कमरे में फांसी पर लटका मिला शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी: जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी के दूसरे ही दिन दूल्हे ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
16 अप्रैल को हुई थी शादी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कन्हारपुरी निवासी सिद्धेश्वर कंवर (28) पुत्र रामजोहन कंवर का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद के पास ग्राम डोकरपाली में संपन्न हुआ था। बारात के लौटने के बाद 17 अप्रैल की रात कन्हारपुरी में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और दोनों पक्षों के स्वजन शामिल हुए।
सुबह बंद मिला कमरे का दरवाजा
समारोह देर रात तक चलता रहा, जिसके बाद सिद्धेश्वर अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो स्वजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर खिड़की से देखा गया तो वह फांसी पर लटका मिला।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं और मामले की जांच जारी है।