
राममिलन साहू, नईदुनिया, धमतरी: घर से मट्ठा लेने निकली 14 साल की किशोरी फिर कभी वापस नहीं लौटी। स्वजन ने तलाश की, पुलिस ने खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। वक्त के साथ साल बदले, शहर बदले और उसकी पहचान भी बदल गई। पुलिस के रिकार्ड में दर्ज गुमशुदगी का यह मामला 14 साल तक अनसुलझी पहेली बना रहा। आखिरकार तकनीक ने बिछड़े तार जोड़ दिए।
इंटरनेट मीडिया और पुलिस के नेटग्रीट एप की मदद से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मिले सुरागों ने धमतरी पुलिस को ग्रेटर नोएडा तक पहुंचा दिया। पुलिस ने वहां से अब 28 वर्ष की हो चुकी महिला को खोज निकाला। इस तरह 14 साल से अधूरी तलाश को आखिरकार मंजिल मिल गई।
यह कहानी भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलीडीह की है। 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब एक बजे 14 वर्षीय किशोरी घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर स्वजन को चिंता हुई। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। आखिरकार स्वजन ने थाना भखारा में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास किए, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला। धीरे-धीरे यह मामला लंबित प्रकरणों की सूची में शामिल हो गया।
समय के साथ किशोरी ने अपना नाम और पहचान बदल ली। ऐसे में पुराने दस्तावेजों और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर उसकी तलाश करना पुलिस के लिए और मुश्किल हो गया। दूसरी ओर, नाबालिगों की गुमशुदगी के मामलों में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार तलाश और बरामदगी की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करना जरूरी था। पुलिस के सामने चुनौती थी कि वर्षों पुराने मामले में उपलब्ध सीमित जानकारी के सहारे उस तक कैसे पहुंचा जाए।
एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर पुराने और लंबित गुमशुदगी के मामलों की दोबारा पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में भखारा पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया। फेसबुक, इंस्टाग्राम और विभाग के नेटग्रीट एप के माध्यम से उपलब्ध जानकारियों का विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयास के बाद पता चला कि लापता किशोरी अब अपनी बदली हुई पहचान के साथ उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर डेल्टा-थ्री, थाना देवला क्षेत्र में रह रही है। सुराग मिलते ही पुलिस टीम ग्रेटर नोएडा रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर पतासाजी और आवश्यक कार्रवाई के बाद 23 नवंबर 2026 को महिला को ढूंढ निकाला गया। इसके बाद उसे धमतरी लाया गया और स्वजन से मिलाया गया।
न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके बाद आगरा और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी। बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में उसने विवाह कर लिया। महिला ने अपने साथ किसी भी तरह की जोर-जबरदस्ती या अपराध घटित होने से इन्कार किया है। 14 साल पहले दर्ज हुई गुमशुदगी की यह फाइल अब जाकर बंद होने की स्थिति में पहुंची है।