CG में कांग्रेस ने निकाली 'चूहों की बरात', करोड़ों रुपये के धान घोटाले के विरोध में BJP सरकार के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ में सरकारी धान भंडारण केंद्रों से करोड़ों रुपये के धान के गायब होने और इसकी जिम्मेदारी चूहों पर डाले जाने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 20 Jan 2026 07:00:13 PM (IST)Updated Date: Tue, 20 Jan 2026 07:00:13 PM (IST)
CG News: चूहों की बरात निकाल कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते कांग्रेसी।HighLights
- करोड़ों का धान गायब, चूहों पर डाली जिम्मेदारी
- कांग्रेस ने दुर्ग में निकाली चूहों की बारात
- कलेक्टर कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग: छत्तीसगढ़ में सरकारी धान भंडारण केंद्रों से करोड़ों रुपये मूल्य के धान के गायब होने के मामले में कांग्रेस ने मंगलवार को दुर्ग शहर में अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कथित घोटाले की जिम्मेदारी ‘चूहों’ पर डाले जाने को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए प्रतीकात्मक रूप से ‘चूहों की बारात’ निकाली।
कलेक्टर कार्यालय के सामने दिखी अनोखी झांकी
जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कलेक्टर कार्यालय के सामने आयोजित प्रदर्शन के दौरान चूहा झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कुछ कार्यकर्ता चूहों के रूप में सजकर नृत्य करते नजर आए।
सरकार पर भ्रष्टाचार छुपाने का आरोप
प्रदर्शन के बाद प्रतीकात्मक रूप से चूहों को ‘सौंपते’ हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि धान किसानों की मेहनत की कमाई है। इसे चूहे खा गए कहना भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार को छुपाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
जवाबदेही पर उठाए सवाल
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि यदि सच में चूहे इतने ताकतवर हैं कि करोड़ों रुपये का सरकारी अनाज निगल गए, तो फिर भंडारण व्यवस्था, निगरानी तंत्र और जिम्मेदार अधिकारी किस काम के हैं। उन्होंने पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर धान घोटाले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पीसीसी महामंत्री राजेंद्र साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, महापौर निर्मल कोसरे, पुकेश चंद्राकर, देवेंद्र देशमुख सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा कलेक्टर कार्यालय के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।