
नईदुनिया प्रतिनिधि,दुर्ग: पिकअप वाहन से बरामद चार करोड़ रुपये की नकद राशि को वापस लेने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत सुपुर्दनामा आवेदन खारिज कर दिया गया है। शुक्रवार को मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने आवेदन निरस्त करते हुए कहा कि प्रकरण गंभीर प्रकृति का है और इसकी जांच अभी जारी है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले जब्त राशि को आवेदक के सुपुर्द नहीं किया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि खुर्सीपार पुलिस ने 25 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर एक पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूयू 5996 को रोककर तलाशी ली थी। पुलिस ने वाहन में बने चेंबर से चार करोड़ रुपये बरामद किए थे।वाहन में भावेश भाई डाभी और विष्णुदेव दुबे सवार थे।
पूछताछ के दौरान वे चार करोड़ रुपये की राशि के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 106 के तहत नकदी जब्त कर ली थी। वाहन सवारों ने पूछताछ में रकम को जेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के कारोबार से संबंधित बताया था। रकम के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने राशि जब्त कर आयकर विभाग को जांच के लिए सौंप दी थी।
इधर, गुजरात के गांधीनगर निवासी कमलेश आर. शाह ने 30 अक्टूबर को दुर्ग न्यायालय में सुपुर्दनामा आवेदन प्रस्तुत किया था। उन्होंने अकोला न्यायालय के उत्तराधिकार आदेश और अपनी दिवंगत पत्नी नीना शाह की फर्म मेसर्स मेक टेक से जुड़े दस्तावेज पेश करते हुए जब्त राशि पर अपना अधिकार जताया था।
आवेदक का दावा था कि बरामद रकम उनके वैध व्यवसाय की है। आवेदन पर सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम ०ेणी अंजली सिंह की अदालत ने खारिज कर दिया था। पुलिस के मुताबिक आवेदक यह भी साबित नहीं कर सके कि वाहन में मौजूद दोनों व्यक्ति उनके कर्मचारी है।
इसके बाद कारोबारी ने रकम सुपुर्दनामा लेने के लिए प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया। 27 नवंबर को आवेदन पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने खारिज कर दिया। इसके पूर्व प्रकरण में सुनवाई की तिथि चार बार आगे बढ़ चुकी थी।
यह भी पढ़ें- भिलाई : 3.15 करोड़ के घोटाले की जांच शुरू, दूल्हा बनकर घोड़े पर सवार होकर निगम पहुंचे पार्षद मौर्य