
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। जिले के बड़े पुरदा स्थित फाइनेस्ट एग्रो इंटरप्राइजेस की प्लाईवुड निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात भीषण आग लग गई। इस आग पर 28 दमकल वाहनों और करीब 1 लाख 28 हजार लीटर पानी की मदद से काबू पाया गया। रात करीब एक बजे भड़की इन लपटों को शांत करने में दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की तीन दमकल टीमों को पांच से छह घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
कच्चा माल जलकर नष्ट, फैलने से रोकी लपटें
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रात के सन्नाटे में फैक्ट्री परिसर के भीतर अचानक आग भड़की और तेजी से वहां रखे कच्चे माल (रॉ मटेरियल) तक फैल गई। प्लाईवुड निर्माण से जुड़ा सूखा और ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही तीन दमकल टीमों को मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचकर कर्मियों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से चारों तरफ से घेराबंदी की, ताकि आग फैक्ट्री के अन्य हिस्सों और आसपास के इलाके में न फैल सके।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta: भिलाई के होटल से म्यूजिक कंपनी तक पहुंची जांच, तीन शहरों में छापे
लगातार पानी की निर्बाध आपूर्ति और दमकल कर्मियों की सूझबूझ से शुक्रवार तड़के आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से फैक्ट्री का कच्चा माल जल गया है, जिसके नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस व अग्निशमन विभाग जांच कर रहे हैं। इस अभियान में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के नेतृत्व में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, महेंद्र चंदेल और धनु यादव सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- रायपुर: नाबालिग से दुष्कर्म व गर्भपात कराने के आरोप में NIT का पूर्व छात्र गिरफ्तार