
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में युवक अमित भंडारी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने करीब दो माह बाद सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का गांव की ही संतोषी सिंह से शादी से पहले से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी। इसी प्रेम प्रसंग को लेकर संतोषी के भाई बजरंग सिंह ने अमित की हत्या कर दी।
घटना के बाद शव को करीब 24 घंटे से अधिक समय तक घर के पीछे बाड़ी में झाड़ियों के नीचे छिपाकर रखा गया। बाद में बजरंग ने अपने बड़े भाई पप्पू सिंह के साथ मिलकर शव को गांव के बीच एक अन्य स्थान पर रख दिया, ताकि पुलिस का संदेह उन पर न जाए।
पुलिस के अनुसार 27 जून की रात अमित भंडारी अपने घर से निकला था। अगले दिन उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 29 जून की सुबह उसका शव अमहदा तालाब के पास एक निर्जन बाड़ी में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रेम प्रसंग, जुआ-सट्टा व शराब से जुड़े असामाजिक तत्वों तथा पुराने विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि घटना वाली रात अमित और संतोषी के बीच करीब 1.30 बजे तक फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद लगभग 2.30 बजे अमित संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा। इसी दौरान टेंट का काम खत्म कर संतोषी का भाई बजरंग घर लौटा। पीछे से आवाज सुनकर वह वहां पहुंचा तो उसने अपनी बहन के साथ अमित को देख लिया।
विवाद के बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अमित का सिर पीछे दीवार से टकराया। जान बचाने के लिए वह दीवार फांदकर भागने का प्रयास कर रहा था, तभी बजरंग ने पास पड़े छोटे फावड़े/रापा से उसके सिर और छाती पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद घबराए बजरंग ने शव को घर के पीछे बाड़ी में झुरमुट के नीचे छिपा दिया। पुलिस के अनुसार, उसी रात गांव में चोरी की सूचना पर डायल-112 की टीम मौजूद थी और ग्रामीण भी जाग रहे थे। इसलिए शव को उसी रात कहीं और ले जाने पर पकड़े जाने का खतरा था।
अगले दिन 28 जून को बजरंग का बड़ा भाई पप्पू सिंह गांव लौटा। बजरंग ने उसे पूरी घटना बताई और सहयोग करने को कहा। इसके बाद दोनों ने परिजनों के साथ अमित को तलाशने का नाटक किया और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाना मुलमुला भी पहुंचे।
यह भी पढ़ें- शहडोल में जादू-टोने के शक में महिला की हत्या, जेठानी ने देवरानी को उतारा मौत के घाट, दोनों के बीच चल रहा था विवाद
रात में दोनों ने मौका देखकर शव को गांव के बीच दूसरे स्थान पर रख दिया था। मामले में बजरंग सिंह, संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को गिरफ्तार किया गया है। संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि बजरंग सिंह का पुलिस रिमांड लेकर आगे फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।