
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर: प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवक पर एसिड फेंककर हमला करने के मामले में चांपा पुलिस ने आरोपित प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। वहीं, बिना वैध दस्तावेज एसिड की बिक्री करने वाले दुकानदार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकानदारों को नियमों का पालन किए बिना एसिड और अन्य ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संतोष सोनी ने 28 अक्टूबर को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि युवती के साथ प्रेम संबंध के दौरान विवाद होने पर उसने उसके ऊपर एसिड फेंक दिया। इस हमले में युवक के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई में जलने की चोटें आईं। शिकायत पर पुलिस ने अपराध बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि युवती ने शौचालय की सफाई के लिए एक दुकान से एसिड खरीदा था। पुलिस ने एसिड की बिक्री के संबंध में दुकानदार से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने सदर बाजार चांपा निवासी 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुकानदारों को निर्धारित नियमों के तहत ही एसिड एवं ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री करने तथा बिना वैध दस्तावेज के इनकी बिक्री से बचने की सख्त हिदायत दी है।