जांजगीर के कोसा हत्याकांड की जांच फिर तेज, दो माह पहले हुई थी अमित भंडारी की हत्या
जांजगीर के कोसा गांव में दो महीने पहले हुए अमित भंडारी हत्याकांड की जांच अब तेज कर दी गई है। एसपी विजय कुमार पांडेय ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीन र...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 03 Sep 2026 10:52:29 PM (IST)Updated Date: Thu, 03 Sep 2026 10:52:29 PM (IST)
घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी विजय कुमार पांडेयHighLights
- सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए नए प्रयास।
- एसपी विजय कुमार पांडेय ने बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्यों की समीक्षा की।
- पतासाजी के लिए एएसपी डा. युलेण्डन यार्क के नेतृत्व में नई टीम गठित।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर : मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में हुए युवक हत्याकांड की जांच अब नए सिरे से तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्वयं ग्राम कोसा पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अब तक हुई विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा की। अज्ञात आरोपित की पतासाजी और हत्याकांड का राजफाश करने के लिए एएसपी डा. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में नई जांच टीम गठित की गई है।
ग्राम कोसा में दो माह पहले 27 जून से 29 जून के बीच 25 वर्षीय अमित भंडारी की हुई हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ सकी है। तालाब किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिले अमित के शव के पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद मुलमुला थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच तेज करने का दावा किया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी न तो हत्या के कारणों का खुलासा हो सका है और न ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
आज घटनास्थल पर होगा सीन रीक्रिएशन
एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि हत्या की कड़ियां जोड़ने और आरोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस शुक्रवार को घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन करेगी। इसके जरिए घटना के संभावित घटनाक्रम को दोहराकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया जाएगा। अब देखना होगा कि दो माह से अनसुलझी हत्या की यह गुत्थी सीन रीक्रिएशन के बाद सुलझती है या जांच फिर नए सिरे से आगे बढ़ती है।
यह भी पढ़ें- बिहार के सुपरवाइजर की बिलासपुर में नृशंस हत्या, जानिए क्यों पानी का छींटा पड़ने पर नाबालिग ने लिया खौफनाक इंतकाम
कोसा में खुलेगा पुलिस चेक पोस्ट
एसपी पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस की सतत मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ग्राम कोसा में जल्द पुलिस चेक पोस्ट शुरू किया जाएगा। इससे गांव और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की निगरानी एवं गश्त व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
खास बात यह है कि एसपी विजय कुमार पांडेय के आने के बाद यह चौथी पुलिस सहायता केंद्र है और सभी क अक्षर से ही प्रारंभ होते हैं जैसे करही, कोटमी सोनार, और खरौद। खरौद के अंग्रेजी में के आता है और अब कोसा में खुलने जा रहा है।
एएसपी के नेतृत्व में नई विशेष टीम गठित
ग्राम कोसा में हुए 25 वर्षीय अमित भंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपितों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए एसपी विजय कुमार पांडेय ने एएसपी डा. युलेण्डन यार्क के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की है। टीम में एसडीओपी अकलतरा डा. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी मुलमुला शिवानंद सिंह, थाना प्रभारी साइबर भास्कर शर्मा, सहित नौ पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हैं।