
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर : समाज में बदलाव की शुरुआत जब अपने घर से होती है, तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। ऐसी ही अनुकरणीय पहल जिले के जोबी गांव में देखने को मिली है। यहां कुर्मी समाज में प्रचलित मृत्यु भोज की महंगी परंपरा और अनावश्यक फिजूलखर्ची को कम करने के लिए ग्रामीणों ने सादगीपूर्ण शोक कार्यक्रम की नई परंपरा शुरू करने का संकल्प लिया है।
इसका उद्देश्य समाज को शिक्षित, संगठित और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस पहल की शुरुआत कुर्मी समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश कश्यप ने अपने ही परिवार से की। नौ नवंबर को आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में उन्होंने सादगीपूर्ण भोजन की व्यवस्था रखी और समाज के लोगों से मृत्यु भोज में दिखावे तथा अनावश्यक खर्च से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि परिवार पहले ही अपने प्रियजन को खोने के दुख से गुजर रहा होता है। ऐसे समय में सामाजिक प्रतिष्ठा और लोकलाज के दबाव में महंगे भोज का आयोजन करना परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है। कैलाश कश्यप ने एक नई सामाजिक सोच रखते हुए अपील की कि शोकाकुल परिवार को मिष्ठान वितरण करने के बजाय आर्थिक सहयोग दिया जाए, ताकि कठिन समय में परिवार को वास्तविक संबल मिल सके।
उनका मानना है कि सामाजिक परंपराओं का उद्देश्य लोगों को जोड़ना और संकट में सहयोग करना होना चाहिए, न कि किसी परिवार पर आर्थिक दबाव बढ़ाना होना चाहिए। कैलाश की इस पहल का ग्रामीणों और वरिष्ठ सामाजिकजनों ने स्वागत किया। उन्होंने शोक कार्यक्रमों में सादगी अपनाने और अनावश्यक खर्च से बचने का संकल्प लिया।
साथ ही शिक्षा, सामाजिक एकता और आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। जोबी के कुर्मी समाज से शुरू हुई यह पहल अब समाज सुधार का संदेश दे रही है। ग्रामीणों का मानना है कि समाज की पहचान महंगे आयोजनों से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच से बनती है।
यह भी पढ़ें- जांजगीर के कटरा जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए फंदा लगाने पर दो शिकारी गिरफ्तार