जांजगीर के कटरा जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए फंदा लगाने पर दो शिकारी गिरफ्तार
जांजगीर के कटरा जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए फंदा लगाने पर वन विभाग ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में केस दर्ज कर जेल भेजा।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 10:12:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 10:12:27 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- कटरा जंगल में शिकार के लिए फंदा लगाने पर दो गिरफ्तार।
- वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में केस दर्ज।
- दोनों को 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर : वन परिक्षेत्र बलौदा के कटरा जंगल में वन्यजीवों के अवैध शिकार के लिए फंदा लगाने के आरोप में वन विभाग की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ-52 में शिकार के उद्देश्य से तार बांधने और जाल लगाने का आरोप है।
वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 25 नवंबर तक 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार 10 नवंबर को कटरा परिसर के जंगल में अवैध शिकार के लिए फंदा लगाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम कटरा निवासी मुनाराम (61 वर्ष), पिता देवकरण और शगुन सिंह (43 वर्ष), पिता बुधवार को पकड़ा।
दोनों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1103/10, दिनांक 10 नवंबर 2026 को पंजीबद्ध किया गया है। आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 50 और 51 के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 और 64 के तहत भी अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में राइस मिल व किराना दुकानों की आड़ में अवैध भंडारण, 200.40 क्विंटल धान जब्त
दोनों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, अकलतरा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया गया।
अन्य आरोपितों की संलिप्तता की भी जांच वन विभाग कटरा एवं पंतोरा वनक्षेत्र में अवैध शिकार की गतिविधियों को लेकर जांच कर रहा है। जंगल में अन्य स्थानों पर लगाए गए अतिरिक्त फंदों और इस गतिविधि में अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।
विभाग के अनुसार यह वनक्षेत्र वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और विचरण के लिहाज से महत्वपूर्ण है। वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।