छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में ट्रांसफार्मर के अंदर युवक ने घुसाया सिर, करंट लगने से मौके पर मौत
जांजगीर चांपा के ग्राम कोसमंदा निवासी युवक की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
Publish Date: Fri, 28 Aug 2026 01:43:58 PM (IST)Updated Date: Fri, 28 Aug 2026 01:46:11 PM (IST)
HighLights
- ग्राम कोसमंदा का निवासी था युवक
- लोगों ने पुलिस व विद्युत विभाग को सूचना दी
- कल शाम अपने घर से निकला था
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर चांपा। ग्राम कोसमंदा निवासी युवक प्रहलाद करियारे की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना पुराने जिला अस्पताल के सामने प्रकाश मेडिकल स्टोर के पीछे स्थित ट्रांसफार्मर के पास हुई। बताया जा रहा है कि प्रहलाद कल शाम अपने घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह प्रहलाद कुछ असामान्य स्थिति में नजर आया। वह अचानक ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा और अपना सिर उसके अंदर घुसा दिया। इसी दौरान वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
लोगों ने पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। जांजगीर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं विद्युत कर्मचारियों ने बिजली की आपूर्ति बंद की। इसके बाद युवक को ट्रांसफार्मर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में रखवाया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रहलाद के कल शाम से घर से निकलने और रातभर वापस नहीं लौटने की जानकारी भी सामने आई है।
ऐसे में वह किस परिस्थिति में ट्रांसफार्मर तक पहुंचा, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।