
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: ग्राम लोखाड़ा में एक महिला की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। ग्राम लैंगा निवासी सुखमनिया एक्का का खून से लथपथ शव उसके घर से करीब 300 मीटर दूर मिला। महिला का पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ है और वह घर पर अकेली थी। घटना के बाद पुलिस हत्या की वजह और हमलावर की पहचान में जुटी है।
ग्रामीणों ने महिला का शव देखा तो इसकी सूचना पसान पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर पत्थर से कई वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके से खून से सना पत्थर भी बरामद कर जब्त किया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी के साथ एफएसएल और डाग स्क्वाड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी सुराग तलाश रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि ग्राम लोखाड़ा में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सिर पर पत्थर से वार किए जाने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- जमीन के टुकड़े के लिए बना हैवान, 23 साल के भतीजे ने टांगिया से काटकर 85 वर्षीय चाचा को उतारा मौत के घाट
घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर बरामद किया गया है। पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मृतका का पति काम के लिए राजस्थान गया हुआ है। महिला के घर पर अकेले रहने की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है। हमलावर महिला के संपर्क में था या किसी अन्य वजह से घटना को अंजाम दिया गया, इस दिशा में भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चोटों और मौत की स्थिति के संबंध में और जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है और आरोपित की पहचान भी नहीं हो सकी है। पुलिस स्वजन, परिचितों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।