
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : अस्पतालों में मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के साथ स्वच्छता बनाए रखना और संक्रमण से बचाव करना भी जरूरी है। पाली अस्पताल के मुख्य द्वार के पास सामने आई एक तस्वीर ने इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
प्रसव के बाद निकलने वाला अपशिष्ट कथित तौर पर अस्पताल के गेट के पास खुले में पड़ा था। वहां एक आवारा कुत्ता उसे नोचता दिखाई दिया। तस्वीर में प्रवेश द्वार के समीप खून से सनी सामग्री थैली और कपड़े में रखी दिख रही है। यह प्रसव से संबंधित जैव चिकित्सा अपशिष्ट है, तो इसे खुले में छोड़ना गंभीर लापरवाही का विषय है। इससे संक्रमण फैलने और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
अस्पताल में रोज बड़ी संख्या में मरीज और उनके स्वजन आते हैं। ऐसे में मुख्य द्वार के पास इस तरह की स्थिति अस्पताल की छवि पर भी सवाल उठाती है। नियमानुसार, अस्पतालों से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट का अलग-अलग संग्रहण कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित निपटान किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- कोरबा में स्टंटबाजी बनी मुसीबत, स्कूल छूटते ही भिड़ीं दो बाइकें, तीन छात्र घायल, तमाशबीन बने रहे लोग
ऐसे में यह पता लगाना जरूरी है कि प्रसव से संबंधित अपशिष्ट अस्पताल के बाहर कैसे पहुंचा और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। क्या संबंधित कर्मचारियों की निगरानी की जा रही है, यह भी जांच का विषय है। अस्पताल प्रबंधन को मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। साथ ही सफाई और अपशिष्ट निपटान की व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है।