कोरबा-बालको में जंगली सूअरों के झुंड का भारी आतंक, किसानों ने वन विभाग से मांगी सुरक्षा
कोरबा जिले के बालको वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगांव और परसाखोला में इन दिनों जंगली सूअरों के झुंड ने किसानों की नाक में दम कर रखा है। 12 से अधिक जं...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 10:13:25 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 10:13:25 PM (IST)
जंगली सुअर, फाइल फोटो, प्रतीकात्मक चित्र (एआइ निर्मित)HighLights
- रात के अंधेरे में खेतों पर धावा, कोरबा में 12 से अधिक जंगली सूअरों के झुंड से किसान परेशान
- भटगांव और परसाखोला में जंगली सूअरों का भारी आतंक, धान की पकी फसल तबाह
- जान जोखिम में डालकर खेतों की निगरानी, बालको क्षेत्र में सूअरों ने रौंदी फसल, ग्रामीणों में छाई दहशत
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: ग्रामीण इलाकों में इन दिनों जंगली सूअरों की बढ़ती मौजूदगी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बड़ी संख्या में जंगली सूअर खेतों में पहुंचकर धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। तैयार होती फसल को रौंदने और खाकर बर्बाद करने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बालको क्षेत्र में जंगली सूअरों के झुंड का वीडियो भी सामने आया है। इसमें भटगांव और परसाखोला गांव के आसपास 12 से अधिक जंगली सूअर झुंड में घूमते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जंगली सूअरों की आवाजाही बढ़ी है। इससे किसानों के लिए खेतों की निगरानी करना भी चुनौती बन गया है।
झुंड में विचरण कर रहे जंगली सूअर रात के समय खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। धान की फसल तैयार होने के दौर में इनके झुंड के खेतों में पहुंचने से नुकसान और बढ़ने की आशंका है। किसानों को फसल बचाने के लिए रात में भी खेतों की निगरानी करनी पड़ रही है।
फसल के नुकसान के साथ ही जंगली सूअरों के अचानक सामने आने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। झुंड में घूमने वाले जंगली सूअरों से आमना-सामना होने पर अप्रिय स्थिति की आशंका बनी रहती है। किसानों और ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में जंगली सूअरों की लगातार निगरानी कराने तथा फसलों को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में तैयार फसलों को और अधिक नुकसान हो सकता है।