
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पोड़ीबहार स्थित शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात घर के बाहर खड़ी नई थार को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया। वारदात की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें दो नकाबपोश युवक बोतल में पेट्रोल लेकर वाहन तक पहुंचते और उसमें आग लगाते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
वाहन मालिक ट्रांसपोर्टर आशीष कुमार की सफेद रंग की नई थार घर के बाहर खड़ी थी। देर रात करीब 12 से एक बजे के बीच दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उनके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। बदमाशों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़का और आग लगाकर मौके से फरार हो गए। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और थार धू-धू कर जलने लगी। वाहन में लगी भीषण आग और उठती लपटों को देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस के साथ दमकल दल भी मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरीके से सुनियोजित ढंग से वाहन में आग लगाई गई, उससे यह सामान्य शरारत नहीं बल्कि किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों नकाबपोशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों के आने-जाने के रास्तों की भी पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि आवासीय क्षेत्र में इस तरह की आगजनी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।