CG के कोरबा में लापता मासूम की दर्दनाक मौत, बाड़ी के गोबर गैस टैंक में मिला शव
कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेलीमुड़ा गोपालपुर में दो वर्षीय मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। सोमवार दोपहर से लापता ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 11:22:19 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 11:22:19 PM (IST)
लापता दो वर्षीय मासूम का शव गोबर गैस टैंक में मिला।HighLights
- बाड़ी के गोबर गैस टैंक में मिला शव
- दादा के पास रह रहा था बच्चा
- तमिलनाडू गए हैं बच्चे के माता-पिता
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बरेलीमुड़ा गोपालपुर में रहने वाले प्रमोद कंवर ने सोमवार को थाने में सूचना दी कि उनका दो वर्षीय पोता हर्ष कंवर दोपहर से लापता है। हर्ष अपने दादा-दादी के साथ रह रहा था, जबकि उसके माता-पिता लक्ष्मी कंवर और उनकी पत्नी कुछ माह पहले रोजगार के लिए तमिलनाडू गए हुए हैं। परिजनों का इरादा था कि वहां व्यवस्थित होने के बाद बच्चे को भी अपने साथ ले जाएंगे।
खेलते-खेलते हुआ गायब
परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर हर्ष घर के पास खेल रहा था। उसकी दादी रसोई में खाना बना रही थीं और प्रमोद कंवर बाड़ी में नहाने गए थे। वापस लौटकर जब वे भोजन करने बैठे तो हर्ष को आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला।
टैंक में मिला शव
सूचना मिलने पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को पुलिस टीम ने घर और आसपास के क्षेत्र में फिर से खोजबीन की। इसी दौरान बाड़ी में बने बंद पड़े गोबर गैस टैंक पर पुलिस की नजर गई। टैंक का मुख्य ढक्कन बंद था, लेकिन चैंबर खुला था और उसमें पानी भरा हुआ था। संदेह के आधार पर ग्रामीणों की मदद से टैंक का पानी खाली कराया गया। पानी कम होने पर टैंक के अंदर हर्ष का शव मिला।
जांच जारी, PM रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार आशंका है कि खेलते समय बच्चा टैंक के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया। वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सोमवार को बच्चे के गुम होने की सूचना मिली थी और मंगलवार को शव बरामद किया गया। मामले की जांच जारी है तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।