कोरबा रेलवे स्टेशन पर गर्भवती पत्नी की पिटाई, लोगों ने पति को धुनकर सिखाया सबक, आरपीएफ को दी सूचना
कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर एक व्यक्ति द्वारा अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान ऑन-ड्यूटी रेलव...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 10:53:49 PM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 10:53:49 PM (IST)
पति को सबक सिखाने के बाद समझाइश देते लोगHighLights
- कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गर्भवती पत्नी से मारपीट।
- ऑन-ड्यूटी रेलवे कर्मचारी और यात्रियों ने महिला को बचाया।
- वीडियो वायरल होने के बाद आरपीएफ ने शुरू की जांच।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-एक पर गर्भवती महिला से उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी ने बीच-बचाव कर महिला को पति से अलग कराया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी दोनों प्लेटफार्म पर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने कथित तौर पर अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला खुद को बचाने का प्रयास करती रही। इसी बीच रेलवे कर्मचारी ने हस्तक्षेप कर महिला को पति से अलग किया।
इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों ने भी पति को रोककर सबक सिखाया और उसके बाद समझाइश दी। घटना के दौरान एक यात्री ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। घटना का यही वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। रेलवे सुरक्षा बल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल पति-पत्नी की पहचान करने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए प्लेटफार्म पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली जा रही है। साथ ही विवाद की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल महिला और उसके पति की पहचान सामने नहीं आई है। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।