कोरबा में बोले रजनीश सिंह: धान छोड़ दूसरी फसल उगाने पर मिलेगा 15 हजार प्रति एकड़ प्रोत्साहन
सरकार धान के स्थान पर दूसरी फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन देगी और 15 दिसंबर से कोदो, कुटकी व रागी की खरीदी शुरू करेगी।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 04:46:37 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 04:46:37 PM (IST)
प्रेस वार्ता में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह, मंत्री लखनलाल देवांगन व अन्यHighLights
- धान के स्थान पर दूसरी फसल पर 15 हजार प्रति एकड़ प्रोत्साहन।
- गन्ने का उपार्जन मूल्य बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया।
- 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक होगी कोदो-कुटकी व रागी खरीदी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: किसानों को धान के साथ दूसरी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र व राज्य सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन्हीं योजनाओं की जानकारी देने भाजपा ने प्रेस वार्ता की।
टीपी नगर स्थित तिलक भवन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कृषक उन्नति योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार खेती में विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है। धान के स्थान पर दूसरी फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये प्रोत्साहन देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता देने का प्रावधान है। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य धान पर निर्भरता कम करने के साथ अन्य फसलों का उत्पादन बढ़ाना और किसानों को खेती के नए विकल्प उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें- शादी के सीजन में कोरबा के रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत: 6 से 18 दिसंबर तक रद रहेंगी 12 ट्रेनें
गन्ना उत्पादकों को राहत देने के लिए प्रदेश में उपार्जन मूल्य 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। शक्कर कारखानों में गन्ने की रिकवरी के आधार पर किसानों को 425 रुपये से लेकर 488 रुपये 67 पैसे प्रति क्विंटल तक भुगतान किया जा रहा है।
दलहन और तिलहन की खरीदी के लिए पीएम-आशा योजना के तहत प्रदेश के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्र बनाए गए थे। इनके माध्यम से तीन लाख 72 हजार क्विंटल से अधिक उपज खरीदी गई और किसानों को 219 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। वहीं कोदो, कुटकी और रागी जैसे श्री अन्न की खरीदी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 दिसंबर से शुरू होकर 15 फरवरी 2027 तक किए जाने की तैयारी है।
रजनीश ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल और जोखिम से सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत सहित पार्टी पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।