
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : स्कूल की छुट्टी होते ही तेज रफ्तार और स्टंटबाजी का शौक तीन स्कूली छात्रों के लिए मुसीबत बन गया। कुसमुंडा के आदर्श नगर में दोपहर 11 वीं के छात्रों की बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में तीन छात्र घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। सड़क पर घायल पड़े छात्र मदद के लिए तड़पते रहे, लेकिन मौके पर जुटे लोगों में कई तमाशबीन बने रहे। ऐसे में दो राहगीरों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी कार से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि आदर्श नगर स्थित स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र बाइक लेकर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार में बाइक चलाने और स्टंट करने के दौरान छात्र वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके। इसी दौरान उनकी बाइकें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल सड़क पर पड़े मदद का इंतजार करते रहे। इस दौरान छात्रों की रोजाना की स्टंटबाजी से नाराज कुछ लोग हादसे के बाद मदद करने के बजाय तंज कसते रहे। इसी बीच वहां से गुजर रहे विनय अग्रवाल और प्रवीण कुमार (अन्ना) ने अपनी कार रोककर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पहल की।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर: किस्त के लिए भटक रहे पीएम आवास हितग्राही, बैठक से गायब पांच कर्मचारियों को नोटिस
दोनों ने तीनों छात्रों को कार में बैठाया और एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दो छात्रों को जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया। घायल छात्र बांकीमोंगरा और विकास नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
हादसे ने स्कूलों की छुट्टी के समय नाबालिगों की तेज रफ्तार बाइकबाजी और स्टंट पर नियंत्रण के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कम उम्र में वाहन चलाने, सड़क पर जोखिम भरे करतब दिखाने और यातायात नियमों की अनदेखी से ऐसी घटनाएं गंभीर रूप ले रही हैं। वहीं, दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करने के बजाय तमाशबीन बने लोगों की भूमिका भी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी पर सवाल छोड़ गई।