

नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : ग्राम जुराली में मजदूरी कर घर लौट रहे 53 वर्षीय व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसके करीब 10 हजार रुपये लूटने और अहिरन नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। तेज बहाव में बहते मजदूर को एक लकड़ी का सहारा मिल गया, जिसे पकड़कर वह किसी तरह नदी किनारे पहुंचा। गंभीर रूप से घायल मजदूर पूरी रात वर्षा के बीच नदी किनारे पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के कारण पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी है।
कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम जुराली निवासी किशन लाल पटेल दीपका में कोयला लेबलिंग का काम करता है। शुक्रवार देर शाम वह करीब सात दिन की मजदूरी करने के बाद घर लौट रहा था। गांव से कुछ दूरी पर उसे कुछ लोग शराब पीते मिले। किशन लाल भी उनके साथ बैठकर शराब पीने लगा। इसी दौरान कथित तौर पर उसके पास मजदूरी के रुपये होने की जानकारी साथ बैठे लोगों को हुई।
आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने किशन लाल को जबरन बाइक पर बैठाया और अहिरन नदी किनारे पंप हाउस के पास ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपितों ने उसे नदी में धकेल दिया। नदी में गिरने के बाद किशन लाल तेज बहाव में बहने लगा। इसी दौरान उसके हाथ एक लकड़ी लगी। उसने लकड़ी को पकड़ लिया और काफी प्रयास के बाद नदी के किनारे पहुंचने में सफल रहा। मारपीट और नदी में बहने से वह बुरी तरह घायल हो गया था।
शनिवार सुबह राहगीरों की नजर उस पर पड़ी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किशन लाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले गए। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में किशन लाल ने अपने बेटे सुरेश और अन्य स्वजन को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घायल की गंभीर स्थिति के कारण उसका बयान दर्ज नहीं हो सका। पुलिस अब स्वजन से मिली जानकारी के आधार पर घटना की जांच कर रही है। वारदात में शामिल लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।