छत्तीसगढ़ में जमीन विवाद बना खौफनाक: छोटे ने बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौके पर दर्दनाक मौत
महासमुंद के आमगांव में जमीन विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Apr 2026 02:58:02 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Apr 2026 03:02:38 PM (IST)
जमीन विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या (AI Generated Image)HighLights
- कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर लगाई आग
- मौके पर ही कृष्णकांत दुबे की मौत हुई
- मां और पत्नी बचाने में नहीं हो सकीं सफल
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद: जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को जिंदा जलाकर मार डाला। मृतक की पहचान कृष्णकांत दुबे (38) के रूप में हुई है, जो रायपुर में रहते थे।
विवाद के दौरान बढ़ी हिंसा
जानकारी के अनुसार, कृष्णकांत अपनी कथित पत्नी के साथ पैतृक गांव आए थे, जहां उनकी मां और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं। दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम को इसी मुद्दे पर चर्चा के दौरान विवाद बढ़ गया।
हमले के बाद कमरे में किया बंद
विवाद के दौरान कृष्णकांत ने दौलत पर डंडे से हमला किया, जिसके जवाब में दौलत ने हंसिए से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कृष्णकांत को एक कमरे में बंद कर दिया, जहां धान और महुआ रखा हुआ था।
पेट्रोल डालकर लगाई आग, मौके पर मौत
आरोप है कि दौलत ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग तेजी से फैलने के कारण कृष्णकांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनकी मां और पत्नी मौजूद थीं, जिन्होंने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सकीं।
पुलिस कार्रवाई जारी
सूचना मिलने पर बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जले हुए शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।