
Mahasamund Seat Result 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने लगातार चौथी बार अपनी बादशाहत कायम रखी। 2009 से इस सीट पर भाजपा का परचम लहरा रहा है। भाजपा प्रत्याशी बसना की पूर्व विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने चुनाव में 7,03,659 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी व राज्य के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को 1,45,456 मतों के अंतर से पराजित किया।
मतगणना स्थल कृषि उपज मंडी परिसर में कलेक्टर प्रभात मलिक ने उन्हें विजयी प्रमाण-पत्र सौंपा। लोकसभा चुनाव की मतगणना देर शाम छह बजे पूरी हुई। सुबह आठ बजे से महासमुंद लोकसभा सीट अंतर्गत महासमुंद जिले की चार विधानसभा सीट की गणना पिटियाझर कृषि उपज मंडी परिसर में शुरू हुई।
वहीं धमतरी जिले के धमतरी व कुरुद विधानसभा की गणना धमतरी व गरियाबंद जिले के राजिम व बिंद्रानवागढ़ विधानसभा की गणना गरियाबंद में हुई। पूरी मतगणना के दौरान भले ही रूपकुमारी कहीं से पिछड़ती तो कहीं से आगे होती रहीं, लेकिन हर बार आठों विधानसभा के एकजाई आंकड़ों में सिर्फ एक बार 16 मतों से पिछड़ीं, जबकि हर बार उनकी बढ़त निकटतम प्रतिद्वंद्वी से बनी रही।
दोपहर एक बजे के बाद भाजपा प्रत्याशी ने अभेद बढ़त बनानी शुरू की। शाम छह बजे फाइनल राउंड में मिले मतों में भाजपा की रूपकुमारी चौधरी को 7,03,659 (2,368 डाक मतपत्र सहित) मत मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को 5,58,203 (1,439 डाक मतपत्र सहित) मत मिले।
मतगणना पश्चात शाम साढ़े साथ बजे जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर प्रभात मलिक ने भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद रूपकुमारी चौधरी को जीत का प्रमाण-पत्र दिया। महासमुंद लोस क्षेत्र के लिए दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें महासमुंद जिले के सरायपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, गरियाबंद जिले के राजिम, बिंद्रानवागढ़ और धमतरी जिले का कुरुद और धमतरी विधानसभा सीट शामिल है।
इस लोकसभा सीट से भाजपा-कांग्रेस सहित कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इस बार कुल 17 लाख 62 हजार 477 मतदाताओं में से 13 लाख 22 हजार 125 ने मतदान किया है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही। छह लाख 57 हजार 72 पुरुषों व छह लाख 65 हजार 41 महिलाओं ने मतदान किया। पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 0.2 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ।
पिछले चुनाव में कुल मतदान प्रतिशत 75 था। वहीं इस बार 75.02 प्रतिशत रहा। महासमुंद जिले के कुल आठ लाख 66 हजार 37 मतदाताओं में से छह लाख 27 हजार 648 ने मतदान का प्रयोग किया। सबसे ज्यादा मतदान बिंद्रानवागढ़ में 81.19 प्रतिशत और सबसे कम महासमुंद विस में 69.12 प्रतिशत रहा। वहीं पूरे लोकसभा क्षेत्र में 75.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
कृषि उपज मंडी में प्रशासन ने तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू की। आंतरिक लेयर में सीआरपीएफ के जवान, फिर सीएएफ के जवान और अंत में छग पुलिस के जवान तैनात रहे। सुबह आठ बजे से मतगणना के लिए करीब एक हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई। इस बार पोस्टल बैलेट से मतदान की संख्या 4,307 रही। पूरे लोकसभा क्षेत्र के पोस्टल बैलेट की गिनती कृषि उपज मंडी महासमुंद में हुई। फिर सुबह साढ़े आठ बजे ईवीएम खुला, जिसके साथ ही शुरूआती रुझान आने शुरू हो गए, जिसमें भाजपा की रूपकुमारी चौधरी आगे थीं। मतगणना के लिए चारों विधानसभा के लिए अलग-अलग कक्ष में 14-14 टेबल लगाए गए थे।
ये थे मैदान में
महासमुंद लोस क्षेत्र में 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें ताम्रध्वज साहू इंडियन नेशनल कांग्रेस, बसंत सिन्हा बहुजन समाज पार्टी, रूपकुमारी चौधरी भारतीय जनता पार्टी, गणेशराम ध्रुव हमर राज पार्टी, चंपालाल पटेल गुरुजी धरती पकड़ राइट टू रिकाल, नारद प्रसाद निषाद शक्ति सेना (भारत देश), नितेश कुमार रात्रे सुंदर समाज पार्टी, फरीद कुरैशी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, डा. विरेंद्र चौधरी भारतीय शक्ति चेतना पार्टी और अन्य अभ्यर्थियों में ईश्वर मारकण्डे, कालिया प्रसाद सेठ, महेश स्वर्ण, मुकेश कुमार अग्रवाल, रेखराम बाघ, सुखनंदन देशकर, प्रोफेसर सुरेश साहू, संतोष दारचंद बंजारे शामिल रहे। 2009 से लगातार भाजपा कब्जा भाजपा यहां तीन बार से चुनाव जीतती रही है।
पिछले 2019 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी चुन्नीलाल साहू कांग्रेस प्रत्याशी धनेंद्र साहू को हराकर सांसद बने थे। इससे पहले 2014 में भाजपा के चंदूलाल साहू ने कांग्रेस के अजीत जोगी को हराया था। चंदूलाल साहू ने 2009 के चुनाव में कांग्रेस के मोतीलाल साहू को हराया था और कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाई थी। इस सीट से भाजपा की लगातार चौथी जीत है।
सभी विधानसभा में मिली भाजपा को बढ़त भाजपा मतगणना अभिकर्ताओं से मिली जानकारी अनुसार भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी को सभी आठ विधानसभा से जीत मिली। महासमुंद में लगभग 22 हजार मतों की लीड मिली तो खल्लारी में एक हजार की लीड मिली। भाजपा प्रत्याशी को बड़ी लीड कुरूद, धमतरी, बिंद्रानवागढ़ व राजिम से मिली।