रायगढ़ के धरमजयगढ़ वन मंडल में 138 हाथियों का डेरा, क्रोंधा में सबसे बड़ा 47 हाथियों का झुंड
138 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है, जिनमें सबसे बड़ा 47 हाथियों का झुंड क्रोंधा परिसर में सक्रिय है और वन विभाग थर्मल ड्रोन कैमरों से दिन-रात ट्रैकिंग कर ग्रामीणों को सतर्क कर रहा है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 05:22:42 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 05:22:42 PM (IST)
हाथियों का झुंड, फाइल फोटोHighLights
- रायगढ़ के धरमजयगढ़ वन मंडल में 138 हाथियों की मौजूदगी।
- क्रोंधा में सबसे बड़ा 47 हाथियों का झुंड कर रहा विचरण।
- थर्मल ड्रोन से दिन-रात ट्रैकिंग, ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में इन दिनों 138 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें 42 नर, 67 मादा और 29 शावक शामिल हैं। सबसे बड़ा झुंड क्रोंधा परिसर में है, जहां 47 हाथी विचरण कर रहे हैं। वन विभाग के अनुसार, लैलूंगा रेंज के तिलाईदरहा में 32, आमगांव में 24 और रैरूमा क्षेत्र में 18 हाथी मौजूद हैं। शेष 17 हाथी वन मंडल के अन्य क्षेत्रों में अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं।
थर्मल ड्रोन से हर मूवमेंट पर नजर हाथियों की बड़ी संख्या और लगातार बदलते मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई है। पारंपरिक गश्त के साथ थर्मल ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। इनसे दिन और रात दोनों समय हाथियों की गतिविधियों को ट्रैक किया जा रहा है। रात के अंधेरे में भी जंगल और आसपास के क्षेत्रों में उनकी लोकेशन का पता लगाने में इससे मदद मिल रही है।
ग्रामीणों को सतर्क कर रही टीमें वन विभाग और हाथी मित्र दल प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं। टीमें ग्रामीणों को हाथियों के विचरण और उनकी लोकेशन की जानकारी दे रही हैं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में पुलिस की मनमानी, बिना वजह बंद किए 40 साल पुराने रास्ते, राहगीर परेशान
साथ ही हाथियों के करीब नहीं जाने, झुंड को घेरने या छेड़ने से बचने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।
विभाग का प्रयास है कि हाथियों की आवाजाही के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और मानव-हाथी द्वंद्व की आशंका कम की जा सके।