

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपये अंतरित किए। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 19,444.33 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और परिवारों की समृद्धि का अभियान है। उन्होंने बताया कि महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश तथा स्वरोजगार के लिए कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण विकसित राज्य की मजबूत आधारशिला है और राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 75 हजार शिक्षकों पर मंडराया संकट, 31 अगस्त 2028 तक TET पास करना अनिवार्य, वरना जाएगी नौकरी
योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं अपनी भुगतान स्थिति ऑनलाइन भी देख सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' विकल्प पर क्लिक करें। यहां लाभार्थी नंबर (Beneficiary Code) या मोबाइल नंबर दर्ज करें। फिर कैप्चा कोड भरकर Submit करें। इसके बाद आवेदन और भुगतान से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।